राखी विशेष अभियान के अंतर्गत देशभक्ति एवं जागरूकता कार्यक्रम संपन्न
चंदौली : राखी पर्व के उपलक्ष्य में डाक विभाग द्वारा विद्यार्थियों में देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “राखी विशेष अभियान” के अंतर्गत सोमवार को चंदौली नगर में स्थित एमडीएस पब्लिक स्कूल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें कुल छोटे बच्चों और बड़े बच्चों को मिलाकर 400 से अधिक बच्चों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को भारतीय सेना, CRPF, उत्तर प्रदेश पुलिस, महिला पुलिस, प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, वैज्ञानिकों तथा अपने प्रेरणास्रोत व्यक्तित्वों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए राखी, धन्यवाद पत्र, शुभकामना संदेश एवं अपने मन की बात प्रेषित करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर डाक विभाग चंदौली के मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव दिनेश तिवारी ने विद्यार्थियों को इस विशेष अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि डाक विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए ₹10 के विशेष राखी लिफाफे के माध्यम से विद्यार्थी देश की सेवा में समर्पित जवानों एवं अन्य प्रेरणास्रोत व्यक्तित्वों तक अपना स्नेह और संदेश पहुँचा सकते हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य कृष्णा तिवारी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनमें राष्ट्रप्रेम, संवेदनशीलता, कृतज्ञता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण सी. एल. गुप्ता, दीपक मुखर्जी, प्रकाश मणि त्रिपाठी सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
प्रधानाचार्य कृष्णा तिवारी ने कहा राखी केवल भाई-बहन के स्नेह का प्रतीक नहीं, बल्कि इस अवसर के माध्यम से हम देश की रक्षा और सेवा में समर्पित वीर जवानों एवं राष्ट्रनिर्माण में योगदान देने वाले प्रत्येक व्यक्ति के प्रति अपना सम्मान और आभार भी व्यक्त कर सकते हैं।
राखी के इस पावन अवसर पर राष्ट्रसेवा के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का यह संदेश निश्चित रूप से विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना को और मजबूत करेगा।
रिपोर्टर : सुमित सिंह
No Previous Comments found.