पी.के.टी. राजकीय पी.जी. कॉलेज, चंदौली में नशा मुक्ति पर विशेष व्याख्यान आयोजित

चंदौली : पंडित कमलापति त्रिपाठी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, चंदौली में शुक्रवार दिनांक 17/10/2026 को  "नशा व्यसन (Drug Addiction): जागरूकता, रोकथाम एवं स्वस्थ भविष्य” विषय पर एक विशेष व्याख्यान का  आयोजन मिशन शक्ति एवं अंतरराष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह कार्यक्रम के अंतर्गत किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के सेवन एवं व्यसन के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. अमित कुमार विश्वकर्मा, सहायक आचार्य, मनोविज्ञान ने नशे की लत के मनोवैज्ञानिक, शारीरिक एवं सामाजिक पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि नशीले पदार्थों का दुरुपयोग व्यक्ति के मस्तिष्क, निर्णय लेने की क्षमता, भावनात्मक संतुलन, पारिवारिक संबंधों तथा सामाजिक जीवन को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकता है। नशे की लत को केवल इच्छाशक्ति की कमी मानना उचित नहीं है, बल्कि यह एक जटिल स्वास्थ्य समस्या है, जिसके उपचार में मनोवैज्ञानिक परामर्श, चिकित्सकीय सहायता एवं सामाजिक सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

डॉ. विश्वकर्मा ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, साथियों के अनुचित दबाव का सामना करने, तनाव से निपटने के लिए स्वस्थ उपाय अपनाने तथा आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञों की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने नशे की रोकथाम में परिवार, शिक्षण संस्थानों और समाज की सामूहिक भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार एवं समाज में भी नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाएँ।  कार्यक्रम का प्रमुख संदेश था— “नशे को कहें ना, जीवन को चुनें; नशामुक्त समाज ही स्वस्थ समाज है।” अंत में डॉ. अरविन्द कुमार, असिस्टेंट प्रोफेसर, शारीरिक शिक्षा ने अपने स्वयं रचित कविताओं के माध्यम से ड्रग एडिक्शन के प्रति जागरूक किया। 

कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सुकृति मिश्रा के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में किया गया। व्याख्यान के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में प्रोफेसर ऋतु खरवार, डॉ. पवन गुप्ता , डॉ. अरविन्द कुमार, ‌डॉ. रविंद्र यादव, डॉ. दिलशाद अंसारी, डॉ. रविकांत भारद्वाज, डॉ. अमित कुमार उपस्थित रहें।

रिपोर्टर : सुमित सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.