चावड़ी बाजार के पास ढही 3 मंजिला निर्माणाधीन इमारत, 2 लोगों की मौत!

राजधानी दिल्ली के बेहद भीड़भाड़ वाले इलाके चांदनी चौक में एक बड़ा दर्दनाक हादसा सामने आया है। चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास शीश महल, गली सत्तारा में स्थित एक तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गई। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि मलबे में कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका के चलते बड़े पैमाने पर राहत और बचाव कार्य चलाया जा रहा है।

दमकल विभाग की 6 गाड़ियां और रेस्क्यू टीम मौके पर तैनात

हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें तुरंत हरकत में आईं। अधिकारियों के मुताबिक सुबह लगभग 9:50 बजे इमारत गिरने की कॉल मिली थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत वाटर टेंडर, वाटर बाउज़र, क्विक रिस्पांस व्हीकल (QRV) और इंसिडेंट रिस्पांस टीम (IRT) सहित दमकल की 6 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दमकल विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में मलबे को हटाकर फंसे हुए लोगों को निकालने का काम युद्ध स्तर पर जारी है।

"एक साथ ढह गए 3-4 लेंटर"—चश्मदीदों ने सुनाई आपबीती

हादसे के वक्त पास में मौजूद चश्मदीद मोहम्मद नईम ने बताया, "हम लोग सो रहे थे तभी अचानक एक बहुत तेज धमाके जैसी आवाज आई। हमें लगा कि शायद हमारा ही घर गिर रहा है, इसलिए हम बदहवास होकर बाहर भागे। बाहर आकर देखा तो बगल में पिछले 3-4 महीनों से बन रही इमारत ढह चुकी थी। उसमें डाले गए 3 से 4 लेंटर एक साथ नीचे आ गिरे। वहां काम कर रहे घायल मजदूरों ने बताया कि अंदर 3-4 लोग मौजूद थे।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.