परिसीमन बिल पर चंद्रबाबू नायडू ने संभाला मोर्चा, NDA सांसदों को दिल्ली बुलाया!
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और तेलुगु देशम पार्टी (TDP) के प्रमुख चंद्रबाबू नायडू ने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावित विधेयकों को लेकर सक्रियता बढ़ा दी है। संसद के आगामी सत्र से पहले नायडू ने केंद्र की NDA सरकार के समर्थन में मोर्चा संभालते हुए आंध्र प्रदेश के सभी NDA सांसदों के साथ टेलीकॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अहम बैठक की। इस बैठक में TDP, जनसेना और BJP के सांसद शामिल हुए।
बैठक के दौरान चंद्रबाबू नायडू ने परिसीमन बिल और महिला आरक्षण बिल को लेकर सांसदों के साथ विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सभी सांसदों को निर्देश दिया कि वे हर हाल में शाम तक नई दिल्ली पहुंच जाएं, ताकि संसद सत्र शुरू होने से पहले रणनीति और आगे की राजनीतिक भूमिका पर चर्चा की जा सके।
दरअसल, आंध्र प्रदेश में TDP, जनसेना और BJP मिलकर सरकार चला रहे हैं, जबकि केंद्र में TDP, नरेंद्र मोदी सरकार की प्रमुख सहयोगी पार्टी है। ऐसे में परिसीमन जैसे संवेदनशील राजनीतिक मुद्दे पर सहयोगी दलों की एकजुटता को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। परिसीमन का मुद्दा इसलिए भी अहम है, क्योंकि इसके जरिए लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं के साथ-साथ सीटों की संख्या में भी बदलाव प्रस्तावित है। केंद्र सरकार सोमवार को लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक पेश करने की तैयारी में है। इसके तहत महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने की व्यवस्था को लागू करने का रास्ता तैयार किया जाएगा।
प्रस्तावित संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 करने का प्रावधान है। इसमें राज्यों के लिए 815 और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 35 सीटें प्रस्तावित हैं। वहीं, राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या की सीमा 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव है। साथ ही, सीटों और निर्वाचन क्षेत्रों के नए निर्धारण से जुड़े प्रावधान भी शामिल हैं।
हालांकि, परिसीमन को लेकर दक्षिण भारतीय राज्यों की चिंता लगातार सामने आती रही है। इन राज्यों का तर्क है कि उन्होंने जनसंख्या नियंत्रण के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन किया है, इसलिए भविष्य में लोकसभा सीटों के पुनर्निर्धारण के दौरान उनके राजनीतिक प्रतिनिधित्व को नुकसान नहीं होना चाहिए। वहीं, महिला आरक्षण के क्रियान्वयन को भी परिसीमन और जनगणना की प्रक्रिया से जोड़कर देखा जा रहा है। ऐसे में इन दोनों मुद्दों पर संसद में राजनीतिक सहमति बनाना केंद्र सरकार के लिए बड़ी चुनौती हो सकता है।
फिलहाल, संसद सत्र से पहले चंद्रबाबू नायडू की सक्रियता ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। NDA सांसदों को दिल्ली पहुंचने का निर्देश देकर उन्होंने साफ संकेत दिया है कि परिसीमन और महिला आरक्षण जैसे अहम मुद्दों पर गठबंधन के भीतर समन्वय बनाए रखने की कोशिश तेज हो गई है। अब सबकी नजर संसद में होने वाली चर्चा और सहयोगी दलों के रुख पर रहेगी।

No Previous Comments found.