चंद्रपुर में चुनाव तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक, पारदर्शी व निष्पक्ष चुनाव के निर्देश
चंद्रपुर : चंद्रपुर महानगरपालिका क्षेत्र में आगामी चुनावों को लेकर एक महत्वपूर्ण और उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें चुनावी तैयारियों पर सखोल और विस्तृत चर्चा की गई।
इस बैठक में चुनाव अधिकारी एवं महानगरपालिका आयुक्त अकुनुरी नरेश (भा.प्र.से.), सभी चुनाव निर्णय अधिकारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकाडे, अतिरिक्त आयुक्त चंदन पाटील, उपायुक्त संदीप चिद्रावार, प्रादेशिक परिवहन अधिकारी किरण मोरे, पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान चंद्रपुर महानगरपालिका आयुक्त अकुनुरी नरेश ने अब तक की गई चुनावी तैयारियों की विस्तृत जानकारी पावर प्वाइंट प्रेज़ेंटेशन के माध्यम से प्रस्तुत की। इसके पश्चात मुख्य चुनाव निरीक्षक ने प्रत्येक विभाग के कार्यों की सूक्ष्म समीक्षा करते हुए सभी यंत्रणाओं को आपसी समन्वय से कार्य करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
मुख्य चुनाव निरीक्षक ने कहा कि चुनाव कार्य में आने वाली किसी भी प्रकार की समस्या को सभी विभाग आपसी तालमेल से तुरंत सुलझाएं। पिछली चुनावों की तुलना में इस बार मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए प्रभावी योजना बनाई जाए। आवश्यकता पड़ने पर जनप्रतिनिधियों एवं राजनीतिक दलों के माध्यम से मतदाताओं में जागरूकता फैलाने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि चुनाव से संबंधित सभी जानकारियां, मतदान एवं मतगणना प्रक्रिया की विस्तृत सूचना समय पर आम नागरिकों, राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों को उपलब्ध कराई जाए। चुनाव प्रक्रिया पर किसी भी प्रकार का सवाल न उठे, इसके लिए पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से लागू करने पर विशेष जोर दिया गया।
मतदान और मतगणना के दौरान किसी भी प्रकार की अनुचित घटना न हो, इसके लिए सख्त निर्देश दिए गए। साथ ही यह भी कहा गया कि चुनाव प्रक्रिया में शामिल प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी चुनाव आयोग का प्रतिनिधि होता है, इसलिए किसी भी तरह के अशोभनीय व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि मतदान यंत्र और अन्य सभी चुनावी सामग्री 100 प्रतिशत कार्यक्षम होनी चाहिए। नागरिकों को यह स्पष्ट जानकारी दी जाए कि उन्हें कितने उम्मीदवारों को मतदान करना है, और यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी मतदाता मतदान से वंचित न रहे।
इस बैठक के माध्यम से चंद्रपुर में निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने का स्पष्ट संदेश दिया गया।
संवाददाता : अजय एस दुबे

No Previous Comments found.