“चंद्रपुर कांग्रेस में सुलह! पार्टी हित में दो कदम पीछे हटे वडेट्टीवार, बड़े फैसलों का फार्मूला तय”

चंद्रपुर : महानगरपालिका को लेकर कांग्रेस में मचे घमासान पर आखिरकार विराम लग गया है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की अहम बैठक के बाद चंद्रपुर कांग्रेस में तोड़गा (समाधान) निकल आया है। इस बात की पुष्टि खुद कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने की है। बैठक में यह तय किया गया है कि कांग्रेस गटनेता (दल नेता) का नाम प्रदेश अध्यक्ष तय करेंगे, जबकि महापौर, उपमहापौर और स्टैंडिंग कमेटी से जुड़े अहम फैसले कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार लेंगे। महापौर पद की जिम्मेदारी चंद्रपुर की सांसद प्रतिभा धानोरकर को सौंपी गई है। चंद्रपुर में कांग्रेस नगरसेवकों का अलग-अलग गुट बनाने की कवायद के बाद पार्टी में भारी असमंजस की स्थिति बन गई थी। इसी को देखते हुए महाराष्ट्र कांग्रेस प्रभारी रमेश चेन्निथला, प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल, सांसद प्रतिभा धानोरकर और विधायक दल नेता विजय वडेट्टीवार के बीच नागपुर में तातडी की बैठक हुई। इस बैठक में चंद्रपुर की राजनीतिक स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।

मीडिया से बात करते हुए विजय वडेट्टीवार ने कहा,
“मैं पिछले 25 वर्षों से कांग्रेस के लिए काम कर रहा हूं। पार्टी हित में जो सही होगा, वही निर्णय लिया जाएगा। एक नेता के रूप में संयम रखना पड़ता है। आलोचना हो, गालियां मिलें, फिर भी पार्टी के लिए काम करना होता है। इस बार भी मैंने पार्टी के लिए दो कदम पीछे लिए हैं।”

वडेट्टीवार ने इस दौरान भाजपा पर गंभीर आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि चंद्रपुर में सत्ता हासिल करने के लिए भाजपा द्वारा नगरसेवकों को एक-एक करोड़ रुपये और पदों का लालच दिया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या पैसे और पद के दम पर सत्ता की “जादूगरी” चलेगी और क्या निर्दलीय नगरसेवक इसके शिकार बनेंगे?

महाराष्ट्र सदन प्रकरण का जिक्र करते हुए वडेट्टीवार ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि
“भाजपा के पास एक ‘पावरफुल मशीन’ है। जो उनके साथ जाता है, वह अपने आप ‘क्लीन’ हो जाता है।”
उन्होंने छगन भुजबळ को क्लीन चिट मिलने पर सवाल उठाते हुए कहा कि अढ़ाई साल जेल में रहने की भरपाई कौन करेगा और आरोप लगाने वालों का क्या?

कुल मिलाकर, चंद्रपुर कांग्रेस में नेतृत्व और सत्ता को लेकर बना विवाद फिलहाल शांत होता दिख रहा है, लेकिन भाजपा के आरोपों और राजनीतिक खींचतान के बीच आने वाले दिन चंद्रपुर की राजनीति के लिए बेहद अहम रहने वाले हैं।

रिपोर्टर : अजय एस दुबे 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.