चंद्रपुर महापौर की कुर्सी पर सियासी संग्राम: कांग्रेस का दावा मजबूत, मुनगंटीवार के बयान से राजनीति में भूचाल
चंद्रपुर : राज्य की 29 नगरपालिकाओं के चुनाव नतीजों के बाद अब सबसे ज्यादा चर्चा महापौर और उप महापौर पद को लेकर हो रही है। कई नगरपालिकाओं में अभी भी सियासी खींचतान और विवाद जारी हैं। इसी राजनीतिक उथल-पुथल के बीच चंद्रपुर नगर निगम राज्य की राजनीति का केंद्र बनकर उभरा है, जहां महापौर और उप महापौर चुनाव को लेकर रोज नए घटनाक्रम सामने आ रहे हैं।
चंद्रपुर में महापौर पद को लेकर हाल के दिनों में नाटकीय राजनीतिक घटनाएं देखने को मिली हैं। कांग्रेस पार्टी के भीतर चल रहा आंतरिक विवाद अब सुलझ चुका है, ऐसा दावा कांग्रेस नेताओं द्वारा किया जा रहा है। पार्टी हाई कमांड ने दिल्ली में दोनों गुटों के साथ बैठक कर मतभेद दूर किए, जिसके बाद कांग्रेस के दोनों गुट एकजुट होकर एक समूह के रूप में पंजीकृत हो गए हैं।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि चंद्रपुर नगर निगम का अगला महापौर कांग्रेस का ही होगा और यह महापौर सांसद प्रतिभा धनोरकर के पक्ष का होगा। कांग्रेस हाई कमांड ने राजेश अडूर को समूह नेता बनाए जाने का निर्देश दिया था, और उसी अनुसार उन्हें औपचारिक रूप से समूह नेता चुन लिया गया है। इस जानकारी की पुष्टि खुद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय वडेट्टीवार ने की है। इसके साथ ही कांग्रेस में महापौर पद को लेकर चला आ रहा आंतरिक विवाद समाप्त माना जा रहा है।
हालांकि, इसी बीच भाजपा नेता सुधीर मुनगंटीवार के एक बड़े दावे ने चंद्रपुर की राजनीति में हलचल मचा दी है। मुनगंटीवार ने दावा किया है कि
“चंद्रपुर नगर निगम में भाजपा का ही महापौर चुना जाएगा। कांग्रेस के मित्र हमारे गणित को गलत साबित करने की कोशिश कर रहे हैं। हम किसी से बातचीत नहीं कर रहे, बल्कि हमारे सामने वाले लोग हमसे बातचीत कर रहे हैं। 11 तारीख को हम बताएंगे कि हमने किससे बात की थी।”
उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। सवाल उठ रहे हैं कि आखिर किसके पास बहुमत का असली गणित है और पर्दे के पीछे कौन-कौन से समीकरण बन रहे हैं।
चंद्रपुर नगर निगम में कांग्रेस के 27 पार्षद चुने गए हैं। विजय वडेट्टीवार का दावा है कि ठाकरे गुट का भी कांग्रेस को समर्थन मिलेगा, जिससे कांग्रेस की स्थिति और मजबूत हो जाती है। अब सभी की निगाहें महापौर और उप महापौर के चुनाव पर टिकी हैं।
क्या कांग्रेस अपने दावे पर खरी उतरेगी या भाजपा का दावा सियासी चौंकाने वाला साबित होगा—
चंद्रपुर की महापौर कुर्सी पर कौन बैठेगा, इसका फैसला आने वाले दिनों में राजनीति की दिशा तय करेगा।
सवानदाता : गौतम मंडल


No Previous Comments found.