वेकोली कर्मचारी की संदिग्ध मौत से खदान में बवाल, परिजनों का आरोप-“उत्पीड़न ने ली जान”,कार्रवाई तक आंदोलन जारी
चंद्रपुर : वेकोली खदान परिसर में उस समय तनाव का माहौल बन गया, जब कर्मचारी स्वर्गीय राकेश लक्ष्मण नेरवटला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कर्मचारियों और परिजनों में आक्रोश भड़का दिया।
मृतक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि राकेश नेरवटला को ड्यूटी के दौरान लगातार उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा था। परिवार का दावा है कि इसी तनाव के कारण उन्हें हार्ट अटैक आया और उनकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि यह केवल प्राकृतिक मृत्यु नहीं, बल्कि कार्यस्थल पर हुए कथित अत्याचारों का परिणाम है।
इस मामले में परिवार ने श्रीनिवास के., राजेश पी., सम्म्या और राजू दादा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिजनों ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे खदान परिसर से हटेंगे नहीं।
परिजनों की इस चेतावनी के बाद खदान क्षेत्र में माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए परिसर में भारी पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया है। वेकोली के कई अधिकारी मौके पर मौजूद हैं, लेकिन कर्मचारियों और परिजनों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि इतने गंभीर मामले के बावजूद क्षेत्रीय महाप्रबंधक अब तक घटनास्थल पर नहीं पहुंचे। कर्मचारियों का कहना है कि यह प्रबंधन की संवेदनहीनता को दर्शाता है।
इधर, कामगार संगठनों के वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है।
इस पूरे घटनाक्रम ने वेकोली प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि प्रबंधन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और क्या मृतक कर्मचारी के परिवार को न्याय मिल पाता है या नहीं।
रिपोर्टर : गौतम मंडल

No Previous Comments found.