चंद्रपुर में ‘शूटर’ का आतंक खत्म! सीरियल घरफोड़िया गिरफ्तार, 19.69 लाख का माल बरामद

चंद्रपुर - दहशत फैलाने वाले सीरियल घरफोड़िया पर आखिरकार पुलिस का शिकंजा कस गया है। स्थानीय अपराध शाखा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात आरोपी सरफरोज उर्फ “शूटर” को उसके साथी सहित गिरफ्तार कर शहर में हुई तीन बड़ी चोरियों का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 19 लाख 69 हजार 500 रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि सरफरोज के खिलाफ पहले से आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है और वह लंबे समय से पुलिस की नजर में था। 14 फरवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक मुम्मका सुदर्शन के आदेश पर स्थानीय अपराध शाखा की टीम शहर में बढ़ती घरफोड़ियों, लूट और वाहन चोरी के मामलों में गश्त और निगरानी कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रामनगर थाना क्षेत्र में सक्रिय शातिर चोर सरफरोज इंदिरा नगर इलाके में देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा। सख्ती से पूछताछ में उसने अपने साथी सद्दाम मुस्ताक शेख के साथ मिलकर इंदिरा नगर, कृष्णा नगर और शाम नगर में तीन घरों को निशाना बनाने की बात कबूल कर ली। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी बंद घरों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही लाखों के जेवरात लेकर फरार हो जाते थे। बरामद माल में बड़ी मात्रा में सोने और चांदी के गहने शामिल हैं। दोनों आरोपियों को आगे की जांच के लिए रामनगर पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस अब इनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य वारदातों में भी संलिप्तता की जांच कर रही है।

यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मुम्मका सुदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ईश्वर कटकड़े के मार्गदर्शन में, पुलिस निरीक्षक अमोल कचोरे और उनकी टीम ने अंजाम दी। चंद्रपुर पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है — अब अपराधियों के लिए शहर में कोई जगह नहीं। कानून के हाथ लंबे हैं… और अब “शूटर” सलाखों के पीछे है।

संवाददाता - अजय एस दुबे

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.