‎चंद्रपुर में नकली Titan-Sonata घड़ियों पर बड़ी कार्रवाई, योगी वॉच सेंटर का मालिक गिरफ्तार

चंद्रपुर - से बड़ी खबर सामने आई है, जहां चंद्रपुर शहर पुलिस ने नकली घड़ियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक दुकान पर छापा मारा है। एकोरी वार्ड स्थित योगी वॉच सेंटर से Titan और Sonata कंपनी के नाम से बेची जा रही बड़ी मात्रा में नकली घड़ियां और उनके पार्ट्स बरामद किए गए हैं। पुलिस ने करीब 78 हजार 225 रुपये कीमत का नकली माल जब्त किया है।

‎मामला चंद्रपुर शहर के एकोरी वार्ड स्थित योगी वॉच सेंटर का है। जानकारी के मुताबिक, Titan कंपनी के उत्पादों की नकल कर उनकी बिक्री करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए अधिकृत लीगल फर्म के प्रतिनिधि और उनकी जांच टीम 12 अगस्त 2026 को चंद्रपुर पहुंची थी।

‎इसी दौरान जांच टीम को योगी वॉच सेंटर में Titan और Sonata कंपनी के नाम से नकली घड़ियों की बिक्री किए जाने की जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने चंद्रपुर शहर पुलिस से संपर्क कर पुलिस सुरक्षा मांगी।

‎पुलिस उपनिरीक्षक कपिल घुगे, प्रकाश नखाते और पुलिस कर्मचारियों की टीम ने शिकायतकर्ता और पंचों के साथ योगी वॉच सेंटर पर छापा मारा।

‎दुकान की तलाशी के दौरान बड़ी संख्या में नकली घड़ियां और उनके पार्ट्स बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक कुल 659 नग नकली सामग्री जब्त की गई।

‎जब्त सामान में 120 Sonata डायल, 403 Titan डायल, 6 Titan घड़ियां, 12 Sonata घड़ियां, 19 Titan डायल केस, 32 Sonata डायल केस, 27 Titan चेन, 34 Sonata चेन और पट्टे सहित 6 Sonata घड़ियां शामिल हैं।

‎पुलिस ने दुकान के मालिक किशोर नथुजी तेलरांडे, उम्र 56 वर्ष, निवासी एकोरी वार्ड, चंद्रपुर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

‎आरोप है कि आर्थिक लाभ के लिए नामी कंपनियों के नाम और ट्रेडमार्क का कथित तौर पर गलत इस्तेमाल करते हुए नकली माल का भंडारण और बिक्री की जा रही थी।

‎इस मामले में चंद्रपुर शहर पुलिस ने कॉपीराइट एक्ट 1957 की धारा 51, 63 और 65 तथा ट्रेडमार्क एक्ट 1999 की धारा 103 और 104 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की आगे जांच कर रही है।

‎चंद्रपुर में नकली ब्रांडेड सामान की बिक्री के खिलाफ हुई इस कार्रवाई के बाद अब पुलिस की जांच इस बात पर भी केंद्रित है कि यह नकली माल कहां से लाया गया और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।

 

रिपोर्टर - अजय 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.