मूसलाधार बारिश से कोसुम नदी में आई बाढ़ मछली पालन का तालाब टूटा लाखों का नुकसान

चंदवा। चंदवा प्रखंड के सेराक पंचायत में रातभर हुई मूसलाधार बारिश के कारण कोसुम नदी में बाढ़ आ गई। नदी के तेज बहाव में सेराक निवासी मीमशाद, पिता नेसार मियां का मछली पालन के लिए बनाया गया तालाब टूट गया। तालाब टूटने से उसमें पल रही सारी मछलियां बहकर नदी में चली गईं, जिससे उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ित मीमशाद ने बताया कि उन्होंने मत्स्य पालन विभाग के माध्यम से पंजाब नेशनल बैंक से ऋण लेकर मछली पालन का कार्य शुरू किया था। तालाब में पाली जा रही मछलियां अब करीब आधा किलोग्राम तक की हो चुकी थीं और जल्द ही बिक्री योग्य होने वाली थीं। इसी बीच रातभर हुई भारी बारिश के कारण कोसुम नदी का जलस्तर बढ़ गया और तेज बहाव में तालाब टूट गया।

मीमशाद ने बताया कि मछली पालन ही उनके परिवार के जीवन-यापन का मुख्य साधन था। तालाब टूटने और मछलियों के बह जाने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि अब बैंक से लिया गया ऋण कैसे चुकाएंगे। पीड़ित ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर नुकसान का आकलन कराने तथा उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि परिवार को राहत मिल सके और बैंक ऋण चुकाने में सहायता मिल सके।

रिपोर्टर - बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.