चंदवारा प्रखंड स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर भोंडो (बगिया) में धूमधाम से मनी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
चंदवारा : चंदवारा प्रखंड स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, भोंडो (बगिया) के प्रांगण में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं पारंपरिक 'मटका फोड़' प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें विद्यालय परिवार और अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।प्राथमिक कक्षाओं के छोटे-छोटे बच्चे भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी की मनमोहक वेशभूषा में विद्यालय पहुंचे। मोरपंख, बांसुरी और पारंपरिक परिधानों में सजे बच्चों ने सभी का मन मोह लिया।विद्यालय परिसर में ऊंचाई पर दही-माखन से भरी मटकी बांधी गई थी। बाल-गोपालों की टोलियों ने एक-दूसरे का सहारा लेकर पिरामिड बनाया और जय कन्हैया लाल की के जयकारों के बीच मटकी फोड़ी। मटका फूटते ही पूरा परिसर तालियों और जयकारों से गूंज उठा। बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित गीतों पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत किए और भजन गाकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
समारोह के अंत में प्रधानाचार्य ने सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से धर्म, सत्य, निष्ठा और मित्रता की सीख लेने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर मुख्य रूप से गौतम कुमार, अशोक सिंह, घनश्याम दास, टिंकू रजक, स्वेता कुमारी, पार्वती कुमारी और सैकड़ों बच्चों सहित अभिभावक उपस्थित थे।
रिपोर्टर : गौतम कुमार
No Previous Comments found.