चंदवारा के जामुखाडी में करमा महोत्सव से लौट रही किशोरी की सड़क हादसे में मौत
चंदवारा :- चंदवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत रांची-पटना मुख्य मार्ग NH-20 पर दिन सोमवार को जामुखाड़ी के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। करमा महोत्सव से लौट रही 12 वर्षीय किशोरी की सड़क पार करने के दौरान एक तेज रफ्तार मिक्सर ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान जामुखाड़ी निवासी राजेश सिंह घटवार की पुत्री रानी उर्फ़ रिया कुमारी (12) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार कोडरमा के घटवार आदिवासी महासभा द्वारा जामुखाड़ी में करमा उत्सव का आयोजन किया गया था। रानी अपनी मां के साथ कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह अपनी मां के साथ घर लौट रही थी। इसी दौरान रांची-पटना मुख्य मार्ग पार करते समय बरही की ओर से आ रहे मिक्सर ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में रानी गंभीर रूप से घायल हो गई और देखते ही देखते तुरंत मौके पर ही दम तोड़ दिया। मां की आंखों के सामने हुई इस घटना से मौके पर चीख-पुकार मच गई। करमा महोत्सव में आए घटवार समाज के लोगों ने घटना पर गहरा दुख जताया है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मिक्सर ट्रक को पकड़ लिया, हालांकि चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही चंदवारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच कर रही है। वहीं स्थानीय लोगो ने शव सड़क पर रखकर राँची - पटना मार्ग जाम कर दिया है l
रिपोर्टर : गौतम कुमार
No Previous Comments found.