चारबाग रेलवे स्टेशन पर कुलियों का प्रदर्शन: स्थायी नौकरी और सुरक्षा की मांग

लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को कुलियों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व राष्ट्रीय कुली मोर्चा के संयोजक राम सुरेश यादव ने किया। उन्होंने बताया कि रेल मंत्रालय द्वारा कुली/यात्री सहायक वर्ग की आजीविका और सामाजिक सुरक्षा की जांच की रिपोर्ट अभी तक सार्वजनिक नहीं की गई है, जिससे असंतोष बढ़ा है।

मोर्चा ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से संसद में इस रिपोर्ट को पेश करने की मांग की है। यादव के अनुसार, 19 जून 2025 को सभी मंडल रेल प्रबंधकों को निर्देश दिए गए थे कि कुलियों की नौकरी, सामाजिक सुरक्षा और आजीविका से जुड़े मुद्दों की जांच की जाए, लेकिन अब तक इसकी कोई जानकारी या प्रगति नहीं साझा की गई।

प्रदर्शन में कुलियों ने 2008 जैसी स्थायी सेवा में समायोजन प्रक्रिया फिर से शुरू करने की मांग की। साथ ही बच्चों की मुफ्त शिक्षा, परिवार के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा, वर्दी, सुविधासंपन्न विश्रामगृह, रेलवे पारिवारिक पास और वृद्ध कुलियों के लिए पेंशन जैसी सुविधाओं की भी जरूरत जताई।

इसके अलावा, उन्होंने स्टेशन पर चलने वाले बैटरी चालित वाहनों के संचालन में नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि उनकी आजीविका पर कोई नकारात्मक असर न पड़े।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.