लावालौंग में अनोखे अंदाज में मना रक्षाबंधन, पेड़ों को रक्षा सूत्र बांधकर लिया वन संरक्षण का संकल्प
लावालौंग : प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार को रक्षाबंधन का पर्व अनोखे अंदाज में मनाया गया। ग्राम पंचायत कोलकोले के चुकरु गांव,लावालौंग पंचायत के सुहावन गांव तथा हेडुम पंचायत के क्षेत्र में वन विभाग के कर्मियों, वन समितियों के सदस्यों और ग्रामीणों ने पेड़-पौधों को तिलक लगाकर रक्षा सूत्र बांधा और उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया।कार्यक्रम के दौरान ढोल-नगाड़ों के साथ ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने संकल्प लिया कि पेड़-पौधों को अपने भाई के समान मानते हुए उनकी रक्षा करेंगे, अवैध कटाई पर रोक लगाने में सहयोग करेंगे तथा अधिक से अधिक पौधे लगाएंगे। वन विभाग के वनरक्षक सुनील कुमार एवं अमित कुमार ने कहा कि जंगल और पेड़-पौधे मानव जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। जंगलों की सुरक्षा केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। पेड़ सुरक्षित रहेंगे तो पर्यावरण संतुलित रहेगा और लोगों को स्वच्छ हवा, छाया एवं बेहतर वातावरण मिलेगा, अपने अपने क्षेत्रों के कार्यक्रम में मुखिया संघ अध्यक्ष सह मुखिया कोलकोले पंचायत राजेश साहू, हेडुम पंचायत के मुखिया संतोष राम,लावालौंग पंचायत नेमन भारती मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि पेड़ों को रक्षा सूत्र बांधना प्रकृति के प्रति प्रेम, सम्मान और जिम्मेदारी का प्रतीक है।मौके पर वन अध्यक्ष रामजतन गंझू, कैलाश यादव, छट्ठू पाहन, गुरुदेव गंझू, अरविंद गंझू, हकीम गंझू समेत वन विभाग के कर्मी एवं बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : मो0 साजिद
No Previous Comments found.