फरार साइबर आरोपी गिरफ्तार, निजी तस्वीर वायरल करने तथा महिला को धमकाने का आरोप
चतरा : लावालोंग थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए छह महीने से फरार चल रहे साइबर अपराध के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई केस नम्बर 64/25 के तहत की गई है। आरोपी की पहचान ग्राम मदनडीह निवासी अनिल कुमार, पिता किशुन यादव के रूप में हुई है। थाना प्रभारी प्रशांत कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एक महिला ने गंभीर शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता का आरोप है कि अनिल कुमार ने उसके निजी तस्वीरों को वायरल कर उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। इसके साथ ही आरोपी द्वारा पीड़िता और उसके परिवार को लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं, जिससे पूरा परिवार भय और तनाव में जी रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध साइबर क्राइम और आपराधिक धमकी से संबंधित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। थाना प्रभारी ने कहा कि महिलाओं से जुड़े अपराध और साइबर अपराध के मामलों में पुलिस पूरी सख्ती बरत रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे अपराध करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और कानून का डंडा पूरी ताकत से चलेगा।
रिपोर्टर : मो0 साजिद

No Previous Comments found.