एमसीसी के नाम पर छह ग्रामीणों के अपहरण का खुलासा
चतरा : जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के टूटीलावा इलाके से छह ग्रामीणों के अपहरण मामले का चतरा पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो वयस्क अपराधी तथा तीन नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने अपहृत सभी ग्रामीणों को सकुशल बरामद कर लिया है। मामले की जानकारी शनिवार को समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहब ने दी। उन्होंने बताया कि बीते 18 जून को कुछ हथियारबंद अपराधियों ने सिमरिया थाना क्षेत्र के टूटीलावा इलाके से छह ग्रामीणों का अपहरण कर लिया था। अपहरण के बाद अपराधी स्वयं को प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन एमसीसी का सदस्य बताते हुए ग्रामीणों के परिजनों से एक लाख रुपये की रंगदारी मांग रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी अनुसंधान, गुप्त सूचना और स्थानीय स्तर पर जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए अपहरण कांड में शामिल पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अपराधियों में रमेश गंझू, सतीश कुमार गंझू तथा तीन नाबालिग शामिल हैं। हालांकि इस घटना में शामिल एक अन्य अपराधी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर है, जिसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। एसडीपीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि अपराधियों ने लोगों में भय पैदा करने और अवैध वसूली करने के उद्देश्य से एमसीसी संगठन का नाम इस्तेमाल किया था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपियों का किसी उग्रवादी संगठन से कोई प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संबंध है अथवा नहीं।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत अदालत में प्रस्तुत किया जा रहा है। वहीं नाबालिग आरोपियों को किशोर न्याय अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई के लिए बाल न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जा रहा है। एसडीपीओ ने कहा कि चतरा पुलिस जिले में अपराध और रंगदारी की घटनाओं पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चला रही है। अपहरण जैसी गंभीर घटना का त्वरित खुलासा पुलिस की सक्रियता और पेशेवर कार्यशैली का परिणाम है। उन्होंने आम लोगों से भी किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।
रिपोर्टर : मो0 साजिद
No Previous Comments found.