लावालौंग में कल्याण विभाग ने लगभग 200 छात्र-छात्राओं के बीच किया साइकिल वितरण

चतरा :  लावालौंग़ प्रखंड कार्यालय परिसर में शुक्रवार को कल्याण विभाग  के पदाधिकारी मनोज कुमार के कुशल नेतृत्व में 200 स्कूली छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल का वितरण किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, उनके अभिभावक तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रखंड विकास पदाधिकारी विपिन भारती, कल्याण पदाधिकारी मनोज कुमार, प्रमुख  प्रतिनिधि श्रवण रजक, बीस सूत्री उपाध्यक्ष सरजू यादव, उपमुखिया प्रतिनिधि मुकेश यादव ने संयुक्त रूप से छात्र-छात्राओं को साइकिल की चाबी एवं साइकिल सौंपकर किया। इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि राज्य सरकार की इस योजना का उद्देश्य दूर-दराज के गांवों से विद्यालय आने-जाने वाले विद्यार्थियों को सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि किसी भी छात्र-छात्रा की पढ़ाई दूरी के कारण प्रभावित न हो। साइकिल मिलने से बच्चों का समय बचेगा, विद्यालय में नियमित उपस्थिति बढ़ेगी और शिक्षा के प्रति उनका उत्साह भी बढ़ेगा।साइकिल प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने सरकार एवं कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब विद्यालय आने-जाने में काफी सुविधा होगी। वहीं अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों से नियमित रूप से विद्यालय जाने, मन लगाकर पढ़ाई करने तथा साइकिल का सुरक्षित एवं सावधानीपूर्वक उपयोग करने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन विभागीय कर्मियों की देखरेख में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

रिपोर्टर : मो0 साजिद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.