सोलर प्लांट से 48 बैट्रियों की चोरी, कवर व इन्वर्टर अन्य स्थानों से बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
चतरा : लावालौंग थाना क्षेत्र के सिलदाग पंचायत के भंगिया गांव में झारखंड सरकार द्वारा संचालित जरेडा के सौर ऊर्जा प्लांट से बैट्री और इन्वर्टर चोरी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक आरोपी के घर से चोरी की गई बैट्रियों के 48 कवर और एक सोलर इन्वर्टर बरामद किया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
पुलिस के अनुसार 29 जुलाई की सुबह करीब 7 बजे सूचना मिली थी कि भंगिया गांव में लगे सौर ऊर्जा प्लांट की बैट्री और इन्वर्टर असामाजिक तत्वों ने चोरी कर लिए हैं। सूचना के सत्यापन के दौरान पुलिस को पता चला कि मंधनिया गांव निवासी अरमान खान के घर में चोरी गई बैट्रियों के कवर और इन्वर्टर रखे हुए हैं।
वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अरमान खान को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार किया। इसके बाद मामले में संलिप्त एक अन्य व्यक्ति को भी छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किया गया। पुलिस शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
इस संबंध में लावालौंग थाना में कांड संख्या 50/26, दिनांक 29 जुलाई 2026 को बीएनएस की धारा 303(2), 317(5), 61(2), 351(2) और 316(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
छापेमारी दल में थाना प्रभारी चन्दन कुमार, एसआई वर्षा किस्कू सहित थाना सशस्त्र बल और स्थानीय चौकीदार शामिल थे।
रिपोर्टर : मो0 साजिद
No Previous Comments found.