मां भद्रकाली मंदिर के समर्पित पुजारी स्वामी श्रीनिवास आचार्य उर्फ अमन द्विवेदी का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
इटखोरी : मां भद्रकाली मंदिर परिसर की कीर्तन मंडली के समर्पित पुजारी स्वामी श्रीनिवास आचार्य उर्फ अमन द्विवेदी के असामयिक निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। शुक्रवार को मंदिर परिसर स्थित एक कमरे में उनका शव फंदे से लटका हुआ मिला था। घटना की सूचना मिलने के बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, इटखोरी ले जाया गया, जहां शुक्रवार शाम करीब 5 बजे चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
स्वामी श्रीनिवास आचार्य पिछले करीब 10 वर्षों से मां भद्रकाली मंदिर परिसर, कीर्तन मंडली एवं क्षेत्र की धार्मिक गतिविधियों से जुड़े हुए थे। उन्होंने अपना जीवन धार्मिक सेवा और भक्ति कार्यों के प्रति समर्पित कर रखा था। उनके निधन से मंदिर परिसर और धर्मप्रेमियों के बीच गहरा शोक व्याप्त है।
घटना के बाद इटखोरी पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शनिवार को शव पोस्टमार्टम के लिए चतरा भेजा था। इसके बाद परिजनों एवं अभिभावकों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई गई। पोस्टमार्टम के उपरांत परिजन उनका पार्थिव शरीर लेकर उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के नरही थाना क्षेत्र अंतर्गत भरौली स्थित अपने आवास के लिए रवाना हो गए।
रिपोर्टर : सिन्धु सिंह

No Previous Comments found.