लावालौंग में अफीम की खेती पर प्रशासन सख्त, खेती मिलने पर तय होगी संबंधित कर्मियों की जवाबदेही
चतरा : लावालौंग प्रखंड में अफीम की अवैध खेती पर रोक लगाने को लेकर प्रखंड प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को प्रखंड कार्यालय के सभागार में प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी विपिन कुमार भारती के नेतृत्व में बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना प्रभारी चंदन कुमार, लावालौंग पंचायत के मुखिया नेमन भारती, अन्य जनप्रतिनिधि तथा वन विभाग के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में प्रखंड क्षेत्र में अफीम की खेती पर पूरी तरह रोक लगाने और इसकी नियमित निगरानी करने को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।बैठक में स्पष्ट किया गया कि इस बार प्रखंड क्षेत्र में किसी भी कीमत पर अफीम की खेती नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए संबंधित कर्मियों एवं पदाधिकारियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में सतर्क रहने और अवैध खेती की गतिविधियों पर नजर रखने का निर्देश दिया गया।खेती मिलने पर तय होगी जवाबदेही प्रशासन ने निर्देश दिया कि प्रखंड के किसी भी गांव या क्षेत्र में अफीम की खेती पाए जाने पर संबंधित क्षेत्र के चौकीदार, किसान मित्र तथा अन्य जिम्मेदार कर्मियों एवं पदाधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। लापरवाही सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। प्रशासन का उद्देश्य है कि खेती शुरू होने से पहले ही उसकी पहचान कर अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जाए।अफीम की खेती की सूचना देने की अपील बैठक में चौकीदारों, किसान मित्रों, जनप्रतिनिधियों तथा अन्य संबंधित लोगों से अपील की गई कि उनके क्षेत्र में कहीं भी अफीम की खेती की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचित करें। प्रशासन की ओर से सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखने की बात कही गई, ताकि लोग बिना किसी भय के अवैध खेती से संबंधित जानकारी साझा कर सकें। हर रविवार सौंपनी होगी रिपोर्ट प्रशासन ने निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए सभी चौकीदारों एवं संबंधित कर्मियों को प्रत्येक रविवार अपने-अपने क्षेत्र की रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से बताना होगा कि उनके क्षेत्र में अफीम की खेती की जा रही है या नहीं। जिन गांवों में अफीम की खेती नहीं हो रही है, वहां का प्रमाण पत्र भी प्रशासन को उपलब्ध कराने को कहा गया है। इससे गांववार स्थिति की नियमित समीक्षा की जा सकेगी।बैठक में संबंधित कर्मियों को ग्रामीणों के साथ समन्वय बनाए रखने, अपने क्षेत्र में नियमित निगरानी करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को देने पर जोर दिया गया। प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य लावालौंग प्रखंड में अफीम की अवैध खेती पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और सभी संबंधित विभागों के सहयोग से इस पर रोक सुनिश्चित करना है।इस मौके पर एटीम चंद्रभूषण कुमार, बीटीएम बीरेंद्र प्रसाद समेत प्रखंड क्षेत्र के सभी किसान मित्र मौजूद थे।
रिपोर्टर : मो0 साजिद

No Previous Comments found.