कल्याणपुर में वित्तीय साक्षरता कैंप आयोजित, लोगों को दी गई बैंकिंग व सरकारी योजनाओं की जानकारी
चतरा : लावालौंग प्रखंड के कल्याणपुर चौक के पास शनिवार को वित्तीय साक्षरता कैंप का आयोजन किया गया। यह कैंप पोस्ट ऑफिस बैंक (IPPB) और राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के संयुक्त तत्वावधान में लगाया गया। कैंप में क्षेत्र के ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं, बीमा योजनाओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।कैंप में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और बैंकिंग से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान 10 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों का नया खाता खोलने की प्रक्रिया भी शुरू की गई। बताया गया कि इन खातों के माध्यम से मनरेगा, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, छात्रवृत्ति, वृद्धा पेंशन, गैस सब्सिडी, सुखाड़ राहत सहित अन्य सरकारी योजनाओं की राशि सीधे खाते में प्राप्त की जा सकेगी।खाता खुलवाने के लिए आधार कार्ड, मोबाइल नंबर और 300 रुपये जमा कराने की जानकारी दी गई, जो खाते में ही सुरक्षित रहेंगे। इसके अलावा 18 से 65 वर्ष तक के लोगों के लिए मात्र 289 रुपये वार्षिक प्रीमियम पर 5 लाख रुपये तक का बीमा कराने की सुविधा के बारे में भी लोगों को बताया गया।कैंप में 5 वर्ष से कम उम्र के बच्चों का नया आधार कार्ड बनाने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही किसी भी उम्र के लोगों के आधार कार्ड में मोबाइल नंबर अपडेट या लिंक कराने की सुविधा के बारे में भी ग्रामीणों को अवगत कराया गया।इस मौके पर बैंक मित्र प्रेम यादव ने उपस्थित लोगों को बैंकिंग सेवाओं के महत्व के बारे में समझाया और अधिक से अधिक लोगों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए बैंक से जुड़ने की अपील की। ग्रामीणों ने कैंप के माध्यम से विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर संतोष जताया।
रिपोर्टर : मो0 साजिद


No Previous Comments found.