धूमधाम से निकला सरहुल जुलूस,सुरक्षा के बीच पारंपरिक रंग में रंगा लावालौंग

चतरा - लावालौंग प्रखंड क्षेत्र के लावालौंग में सरहुल पर्व के अवसर पर भव्य जुलूस का आयोजन किया गया।जुलूस सरहुल स्थल से प्रारंभ होकर मुख्य चौक तक निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में आदिवासी एवं भोक्ता समाज के लोग शामिल हुए।सभी लोग पारंपरिक वेशभूषा में सजे-धजे नजर आए, जिससे पूरे क्षेत्र में सांस्कृतिक उत्सव का माहौल बन गया। जुलूस के दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज से वातावरण उत्साहपूर्ण हो उठा।युवक-युवतियां पारंपरिक नृत्य करते हुए आगे बढ़ते रहे, वहीं महिलाएं भी गीत गाते हुए शामिल हुईं।पारंपरिक धुनों के साथ-साथ डीजे की धुन पर भी लोग झूमते नजर आए,जिससे आयोजन में आधुनिकता की झलक भी देखने को मिली।मुख्य मार्गों पर जुलूस के स्वागत के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और जगह-जगह फूलों से स्वागत किया गया।पूरे आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था में पूरी तरह मुस्तैद रहा, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। विधायक उज्ज्वल दास,पूर्व विधायक गणेश भोक्ता, बीडीओ विपिन भारती तथा पूर्व जिला परिषद् अध्यक्ष ममता देवी ने लोगों को संबोधित करते हुए बताया कि सरहुल पर्व हमारी परंपरा,संस्कृति और प्रकृति के प्रति आस्था का प्रतीक है।इसे हर वर्ष पूरे उत्साह और एकता के साथ मनाया जाता है।उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से समाज में भाईचारा और सांस्कृतिक जागरूकता बढ़ती है। इस अवसर पर लोगों ने प्रकृति देवता से सुख-समृद्धि और अच्छी फसल की कामना की। मौके पर प्रमुख मनीषा देवी,बीस सूत्री प्रखण्ड अध्यक्ष छठू सिंह भोक्ता, खगेश्वर साहू, लालू यादव,एम ओ,तथा कल्याण पदाधिकारी के साथ साथ सैकड़ो लोग उपस्थित थे।

रिपोर्टर - मो0 साजिद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.