टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत एसएसबी 35वीं बटालियन में स्वास्थ्य जांच शिविर
चतरा : टीबी मुक्त भारत अभियान-100 दिवस के राष्ट्रीय आह्वान के तहत सोमवार को एसएसबी 35वीं बटालियन मुख्यालय में वृहद स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बटालियन मुख्यालय और विभिन्न कंपनियों के कुल 223 जवानों की स्वास्थ्य जांच की गई। अभियान का उद्देश्य जवानों को क्षय रोग (टीबी) के प्रति जागरूक करना और समय रहते बीमारी की पहचान कर सुरक्षा सुनिश्चित करना था। कमांडेंट संजीव कुमार के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में जिला सदर अस्पताल, चतरा की विशेषज्ञ टीम ने सहयोग किया। जवानों के लिए ब्लड टेस्ट, एक्स-रे, आईजीआरए (IGRA) टेस्ट समेत अन्य जरूरी स्वास्थ्य जांचें निःशुल्क की गईं। बटालियन मुख्यालय में चिकित्सा शिविर का संचालन द्वितीय कमान अधिकारी (चिकित्सा) डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान द्वितीय कमान अधिकारी एनेन्द्र मणि सिंह, उप-कमांडेंट पार्थ सारथी रॉय, नीरज कुमार सिंह और दीपक कुमार मौजूद रहे।
जिला सदर अस्पताल की टीम में डीपीसी विक्रांत कुमार, एसटीएलएस राजेश कुमार, एसटीएस मनोज कुमार पाण्डेय, बिंदु कुमार, एएनएम पूजा कुमारी और एक्स-रे तकनीशियन मंगल हांसदा शामिल रहे। स्वास्थ्य टीम ने जवानों की जांच के साथ टीबी से बचाव और सतर्कता को लेकर जानकारी भी दी। डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि टीबी जैसी गंभीर बीमारी से लड़ने के लिए समय पर जांच और सजगता सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने कहा कि शुरुआती पहचान से इलाज आसान और प्रभावी हो जाता है। साथ ही उन्होंने सदर अस्पताल की टीम के तकनीकी सहयोग के लिए आभार जताया। अभियान के दौरान जवानों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और नियमित जांच कराने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के शिविर भविष्य में भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि बल कर्मियों का स्वास्थ्य बेहतर बना रहे।
रिपोर्टर : लक्क़ी


No Previous Comments found.