फरार अभियुक्त के घर पुलिस ने चिपकाया विधि इस्तीहार

चतरा - लावालौंग थाना कांड संख्या 79/25 में नामजद प्राथमिकी अभियुक्त रौशन कुमार,पिता रविन्द्र प्रसाद, निवासी ग्राम आत्मपुर के विरुद्ध पुलिस ने न्यायालय के निर्देशानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में पुलिस पदाधिकारी ASI सुधीर कुमार के द्वारा अभियुक्त के पैतृक आवास आत्मपुर पहुंचकर विधिवत इस्तीहार चिपकाया गया।जानकारी के अनुसार लावालौंग थाना में दर्ज कांड संख्या 79/25 में रौशन कुमार को प्राथमिकी अभियुक्त बनाया गया है। मामले में लगातार फरार चल रहे अभियुक्त की गिरफ्तारी नहीं होने पर न्यायालय से प्राप्त आदेश के आलोक में पुलिस ने दंड प्रक्रिया के तहत इस्तीहार की कार्रवाई की।पुलिस पदाधिकारी ASI सुधीर कुमार ने स्थानीय ग्रामीणों एवं गवाहों की मौजूदगी में अभियुक्त के घर पर विधि अनुसार इस्तीहार चस्पा किया तथा स्पष्ट रूप से सूचित किया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर न्यायालय अथवा पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण करें। ऐसा नहीं करने की स्थिति में नियमानुसार आगे कुर्की-जब्ती सहित अन्य कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।इस कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने आसपास के लोगों को भी मामले की जानकारी दी और फरार अभियुक्त को आत्मसमर्पण करने का संदेश पहुंचाया। लावालौंग पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय के आदेशानुसार लगातार कार्रवाई की जा रही है तथा किसी भी हाल में कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और फरार अभियुक्तों के बीच भी हड़कंप देखा जा रहा है।

रिपोर्टर - मो0 साजिद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.