सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण को लेकर जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित

चतरा -समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में आज जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री रवि आनंद की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सड़क सुरक्षा नियमों के प्रभावी अनुपालन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक के दौरान अनुमंडल पदाधिकारीसिमरिया-सह-जिला परिवहन पदाधिकारी  माहेश्वरी प्रसाद द्वारा बताया गया कि जनवरी से अप्रैल 2026 तक जिले में कुल 65 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई हैं। इस पर उपायुक्त ने सभी ट्रांसपोर्टरों एवं उपस्थित प्रतिनिधियों से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु सुझाव एवं आवश्यक पहल पर विचार साझा करने को कहा।समीक्षा के क्रम में ड्रिंक एंड ड्राइव, ओवरस्पीड, एक ही चालक द्वारा लगातार लंबे समय तक वाहन चलाना तथा घाटी क्षेत्रों में भारी वाहनों के ब्रेक फेल होने जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। उपायुक्त ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना प्रशासन की प्राथमिकता है तथा इसके लिए सभी संबंधित विभागों एवं ट्रांसपोर्टरों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।उपायुक्त ने जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि ट्रांसपोर्ट कंपनियों में कार्यरत वाहन चालकों का रेंडम ड्राइविंग टेस्ट लिया जाए तथा अयोग्य पाए जाने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान नियमित रूप से चलाने एवं नो-एंट्री क्षेत्र में चलने वाले वाहनों के चालकों की ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि किसी भी लोडेड वाहन की गति 40 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक नहीं होनी चाहिए। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों एवं संचालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। वहीं लगातार लंबे समय तक वाहन चलाने से होने वाली दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए उपायुक्त ने कहा कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में वाहन चालकों की चिकित्सीय जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।बैठक में वाहन चालकों के लिए सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला आयोजित करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने ट्रांसपोर्टरों से कहा कि वे वाहन चालकों के साथ नियमित संवाद स्थापित करें तथा सड़क सुरक्षा नियमों के अनुपालन हेतु उन्हें प्रेरित करें।इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने जिले के विभिन्न संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर CCTV कैमरे लगाने दोपहिया वाहन चालकों के हेलमेट, पॉल्यूशन एवं बीमा सहित आवश्यक दस्तावेजों की जांच हेतु विशेष अभियान चलाने तथा जोड़ी-हंटरगंज मार्ग, टंडवा सहित विभिन्न सड़कों पर गड्ढों की मरम्मत सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।बैठक में पुलिस अधीक्षक  अनिमेष नैथानी, अपर समाहर्ता  अरविंद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी चतरा  जहूर आलम, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चतरा सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं ट्रांसपोर्टर प्रतिनिधि मोहम्मद बेलाल उपस्थित थे।

संवाददाता -  लक्की

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.