देश सेवा का संस्कार और परिवार का समर्पण लाया रंग
चतरा : देश की सेवा में अपना जीवन समर्पित करने वाले सेवानिवृत्त सैनिक शिवकुमार सिंह के परिवार ने एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी पुत्री वंशिका ने NEET परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 4174वीं रैंक प्राप्त कर अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा का शानदार परिचय दिया है। वंशिका की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
वंशिका की सफलता के पीछे उनके पिता शिवकुमार सिंह का अनुशासन, त्याग और देशभक्ति की भावना के साथ-साथ उनकी माता का समर्पण, संघर्ष और निरंतर प्रोत्साहन भी अहम भूमिका निभाता है। परिवार के संस्कार और कठिन परिश्रम ने वंशिका को इस मुकाम तक पहुंचाया, जिससे पूरे चतरा जिले का सम्मान बढ़ा है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर चतरा जिला परिषद उपाध्यक्ष बिरजू तिवारी ने वंशिका और उनके पिता शिवकुमार सिंह को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं तथा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि वंशिका की सफलता जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विश्वास जताया कि वंशिका आगे चलकर एक कुशल चिकित्सक बनकर समाज और देश की सेवा करेंगी।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भी वंशिका को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और परिवार के सहयोग से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। वंशिका की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से बड़े से बड़ा सपना भी साकार किया जा सकता है।
रिपोर्टर : सिन्धु सिंह
No Previous Comments found.