विकसित भारत जी राम जी योजना को लेकर लावालौंग प्रखंड कार्यालय सभागार में प्रशिक्षण शिविर आयोजित
चतरा : लावालौंग प्रखंड कार्यालय के सभागार में गुरुवार को विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन परिषद ( जी राम जी) के तहत एक दिवसीय प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) विपिन कुमार भारती, प्रखण्ड कार्यक्रम पदाधिकारी राजेश कुमार पासवान तथा मुखिया संघ अध्यक्ष राजेश कुमार साहू के कुशल नेतृत्व में दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर में प्रखंड के तमाम संबंधित विभागीय कर्मी एवं प्रतिनिधि मुख्य रूप से मौजूद रहे।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मियों को योजना के मुख्य उद्देश्यों, दिशानिर्देशों और जमीनी स्तर पर इसके प्रभावी क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी गई। बीडीओ विपिन कुमार भारती ने संबोधित करते हुए बताया कि आगामी 1 जुलाई से बीबी जी राम जी योजना को पूरे राज्य में पूर्ण रूप से लागू कर दिया गया है। योजना को पारदर्शी और सुचारू बनाने के उद्देश्य से अब श्रमिकों की मजदूरी का भुगतान सीधे ट्रेजरी (कोषागार) के माध्यम से किया जाएगा।
मानव श्रम को प्राथमिकता, मशीनों के इस्तेमाल पर रोक
शिविर में जानकारी देते हुए बताया गया कि पूर्व में संचालित मनरेगा योजना के तहत ग्रामीण परिवारों को एक वित्तीय वर्ष में 100 दिनों के रोजगार की गारंटी दी जाती थी, जिसे अब नई व्यवस्था के तहत बढ़ाकर 125 दिन कर दिया गया है। इसके अलावा श्रम-केंद्रित कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने और अधिक से अधिक हाथों को काम देने के लिए भारी मशीनों के प्रयोग पर सख्ती से नियंत्रण लगाने तथा मानव श्रम को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी कर्मियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि योजना के सभी कानूनी व तकनीकी प्रावधानों का गहराई से अध्ययन करें और यह सुनिश्चित करें कि प्रखंड के प्रत्येक पात्र एवं जरूरतमंद मजदूर को इस योजना का शत-प्रतिशत लाभ मिले।
रिपोर्टर : मो0 साजिद
No Previous Comments found.