लावालौंग के तालाबों के जलकर की तीन वर्षों के लिए होगी बंदोबस्ती, 25 अगस्त को खुलेगा डाक
चतरा : लावालौंग अंचल क्षेत्र के विभिन्न तालाबों एवं आहारों के जलकर की बंदोबस्ती को लेकर मत्स्य विभाग ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभागीय सूचना के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2028-29 तक तीन वर्षों के लिए जलकरों की बंदोबस्ती की जाएगी। इसके लिए 25 अगस्त 2026 को दोपहर 12:30 बजे खुला डाक आयोजित किया जाएगा। बंदोबस्ती की पूरी प्रक्रिया जिला मत्स्य पदाधिकारी-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, चतरा के कार्यालय में संपन्न होगी।
जानकारी के अनुसार इस बार लावालौंग क्षेत्र के भुताही आहार, टुनगुन आहार, मनातू आहार, बाबूरवा आहार, कोलकोले आहार, रखेद आहार एवं बहेड़ाडी आहार समेत विभिन्न जलकरों की बंदोबस्ती की जानी है।
इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ मत्स्य पालन से जुड़े इच्छुक व्यक्तियों के लिए भी अवसर उपलब्ध होगा।डाक में शामिल होने वाले इच्छुक व्यक्ति को संबंधित जलाशय के लिए निर्धारित राशि की 10 प्रतिशत राशि डाक बोलने से पहले जमा करनी होगी।इसके साथ फोटोयुक्त पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।विभागीय निर्देश के अनुसार ठेकेदारों को डाक में भाग लेने की अनुमति नहीं होगी।खुले डाक में सबसे अधिक बोली लगाने वाले व्यक्ति को डाक समाप्त होने के बाद निर्धारित पूरी राशि एकमुश्त जमा करनी होगी। निर्धारित राशि जमा नहीं करने पर डाक रद्द कर जमा राशि जब्त की जा सकती है। इसके बाद संबंधित जलकर को सूची से हटाकर दोबारा बंदोबस्ती की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि 25 अगस्त को जो जलकर शेष रह जाएंगे, उनकी बंदोबस्ती के लिए 1 सितंबर और 8 सितंबर 2026 को भी डाक की तिथि निर्धारित की गई है। इच्छुक व्यक्ति निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक पहचान पत्र और निर्धारित राशि के साथ उपस्थित होकर प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।इस संबंध में जानकारी मुखिया संघ के अध्यक्ष राजेश साहू ने पत्रकारों को दी। उन्होंने इच्छुक लोगों से निर्धारित तिथि पर समय से उपस्थित होकर बंदोबस्ती प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है।
रिपोर्टर : मो0 साजिद
No Previous Comments found.