सोलर प्लांट से बैटरियां गायब मामले में ग्रामीणों व कंपनी ने दर्ज कराया केस, जांच में जुटी पुलिस

लावालौंग : प्रखण्ड अन्तर्गत हेडुम गांव स्थित सोलर प्लांट से 240 बैटरियां और अन्य उपकरण गायब होने के मामले में अब कार्रवाई तेज हो गई है। इस मामले में हेडुम गांव के दर्जनों ग्रामीणों ने लावालौंग थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।वहीं जरेडा कंपनी के पदाधिकारियों ने भी हेडुम पहुंचकर मामले की जांच करने के बाद लावालौंग थाना में मामला दर्ज कराया है।मामला दर्ज होते ही लावालौंग पुलिस हेडुम गांव पहुंची और घटनास्थल पर छानबीन शुरू कर दी।पुलिस सोलर प्लांट के स्टोर रूम,सुरक्षा व्यवस्था और वहां मौजूद उपकरणों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।पुलिस की जांच के बाद ही बैटरियों और अन्य उपकरणों के गायब होने की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।गौरतलब है कि पंचायत भवन के समीप जरेडा कंपनी द्वारा लगाए गए सोलर प्लांट के स्टोर रूम से 240 बैटरियां समेत अन्य उपकरण गायब होने का मामला सामने आया था।ग्रामीणों का आरोप है कि बड़ी संख्या में बैटरियों एवं अन्य उपकरणों को चोरी-छिपे निकालकर बेच दिया गया है। मामले को लेकर गांव में कई तरह की चर्चाएं हैं।इधर वरिष्ठ नेता सह बीस सूत्री अध्यक्ष छठू सिंह भोक्ता ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सोलर प्लांट ग्रामीणों की सुविधा और सार्वजनिक उपयोग के लिए लगाया गया था।ऐसे में उसकी सामग्री गायब होना गंभीर मामला है।दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए,ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो।उन्होंने प्रशासन से गायब सभी बैटरियों और अन्य उपकरणों की बरामदगी सुनिश्चित करने की भी मांग की। अब ग्रामीणों की नजर पुलिस जांच और कंपनी की कार्रवाई पर टिकी है।

रिपोर्टर : मो0 साजिद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.