लेम्बोडीह आंगनबाड़ी में मनमानी का आरोप, 12 बजे से पहले नहीं खुलता केंद्र
लावालौंग : प्रखंड क्षेत्र अन्तर्गत सिलदाग पंचायत के लेम्बोडीह स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में घोर अनियमितता बरते जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने केंद्र की सेविका कविता देवी पर मनमाने तरीके से केंद्र का संचालन करने का आरोप लगाया है।उनका कहना है कि केंद्र किसी भी दिन दोपहर 12 बजे से पहले नहीं खुलता है। वहीं,महीने के प्रत्येक सप्ताह दो से तीन दिन केंद्र बंद रहता है। ऐसे में आंगनबाड़ी पहुंचने वाले छोटे-छोटे बच्चे केंद्र के बाहर इधर-उधर घूमते रहते हैं और अंततः वापस घर लौट जाते हैं। इस संबंध में केंद्र की सहायिका सुनीता देवी एवं पोषण सखी निशू देवी ने भी अपनी नाराजगी जाहिर की है।दोनों का कहना है कि वे निर्धारित समय पर केंद्र पहुंच जाती हैं,लेकिन सेविका के नहीं आने के कारण उन्हें काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है।कई बार सेविका को समय पर केंद्र खोलने के लिए कहा गया,लेकिन आरोप है कि वह उल्टे उन्हें ही भला-बुरा सुनाने लगती हैं।इतना ही नहीं, केंद्र की चाबी मांगने पर भी उन्हें चाबी नहीं दी जाती है। स्थानीय ग्रामीण ने बताया कि पूर्व में केंद्र की चाबी सहायिका एवं पोषण सखी के पास भी रहती थी।उस दौरान दोनों की शिकायत पर गांव के गणमान्य लोगों ने केंद्र में उपलब्ध खाद्य सामग्रियों की जांच-पड़ताल की थी।आरोप है कि जांच के दौरान घटिया किस्म की खाद्य सामग्री पाई गई थी।इसके बाद से सेविका ने कथित तौर पर किसी को भी केंद्र की चाबी देना बंद कर दिया।वहीं,सहायिका एवं पोषण सखी का आरोप है कि इस मामले के बाद सेविका के पति अनिल यादव भी उनके साथ लड़ाई-झगड़ा करने लगे।उन्होंने कथित तौर पर यह कहते हुए आपत्ति जताई कि गांव वालों को इसमें बोलने का क्या अधिकार है।साथ ही दोनों को हाजिरी काटने की धमकी भी दी जाती है।ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए आंगनबाड़ी केंद्र का नियमित संचालन सुनिश्चित कराने की मांग की है,ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ बच्चों एवं लाभुकों तक सही तरीके से पहुंच सके। इस बावत सुपरवाइजर दिव्या कुमारी से पुछे जाने पर उन्होंने बताया कि आज तो कविता सीडीपीओ के मिटींग में आई थी।बाकी दिनों की बात जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। इधर कविता किसी भी प्रकार का संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी।
रिपोर्टर : मो0 साजिद

No Previous Comments found.