लावालौंग में जे-टेट प्रशिक्षण का समापन, अभ्यर्थियों ने जताया संतोष

चतरा : चतरा जिले के अति सुदूरवर्ती प्रखंड कहे जाने वाले लावालौंग में जे-टेट परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रम का गुरुवार को वृहद ( लम्बे समय) टेस्ट के साथ समापन हुआ। पिछले दो माह से लावालौंग मुख्य चौक के समीप निरंतर संचालित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल अभ्यर्थियों ने बेहतर तैयारी को लेकर संतोष जाहिर किया। खास बात यह रही कि अभ्यर्थियों ने स्कूल संचालन से लेकर एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) कार्यों की नियमित जिम्मेदारी निभाने के बावजूद प्रशिक्षण के माध्यम से अपनी पढ़ाई जारी रखी और परीक्षा की तैयारी को बेहतर दिशा दी।

अभ्यर्थियों ने बताया कि लावालौंग जैसे सुदूरवर्ती क्षेत्र में नियमित कक्षा और प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध होना उनके लिए काफी सहूलियत भरा रहा। इससे उन्हें घर और कार्यस्थल के आसपास ही रहकर परीक्षा की तैयारी करने का अवसर मिला।अभ्यर्थियों ने कहा कि स्कूल संचालन से लेकर एसआईआर तक के कार्यों को नियमित रूप से करते हुए भी वे प्रशिक्षण में शामिल होकर बेहतर तरीके से तैयारी कर पाए। वृहद टेस्ट के माध्यम से अपनी तैयारी का आकलन करने का भी अवसर मिला।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के संचालक सह शिक्षक सुबोध कुमार साहू ने बताया कि पिछले दो माह से अभ्यर्थियों को शिक्षण शास्त्र के विभिन्न आयामों के साथ पर्यावरण,हिंदी,खोरठा,गणित,संस्कृत और अंग्रेजी जैसे महत्वपूर्ण विषयों का गहन अध्ययन कराया गया।प्रशिक्षण में विषयों को मनोवैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझाने पर विशेष जोर दिया गया,ताकि अभ्यर्थी न केवल परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकें,बल्कि बच्चों की समझ और सीखने की प्रक्रिया को भी बेहतर तरीके से समझ सकें।
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षण विधियों,कक्षा प्रबंधन,बाल मनोविज्ञान,समावेशी शिक्षा,सतत एवं व्यापक मूल्यांकन तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी-2020) की अवधारणाओं पर व्यावहारिक चर्चा की गई।विभिन्न उदाहरणों के जरिए अभ्यर्थियों को बेहतर शिक्षण कौशल के लिए मार्गदर्शन दिया गया। शिक्षक अशोक कुमार ठाकुर,गोविंद भारती, विष्णु रविदास, अंसारुल अंसारी, अशोक राम,जगेश्वर महतो,विजय साहू समेत अन्य शिक्षकों ने प्रशिक्षण के फलस्वरूप बेहतर परीक्षा परिणाम आने की उम्मीद जताई।और कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद लावालौंग में इस तरह की शैक्षणिक पहल से उन्हें काफी लाभ मिला है।

रिपोर्टर : मो0 साजिद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.