पुलिस दबिश के डर से दुष्कर्म का आरोपी कोर्ट में किया आत्मसमर्पण

लावालौंग -थाना क्षेत्र अन्तर्गत लमटा पंचायत के आतमपुर गांव में दलित महिला के घर में रात में घुसकर दुष्कर्म और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर गाली-गलौज करने के आरोपी नीलेश कुमार ने पुलिस दबिश के कारण चतरा न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी।पुलिस की बढ़ती दबिश और गिरफ्तारी अभियान के दबाव में आरोपी ने आखिरकार कोर्ट पहुंचकर सरेंडर कर दिया।

मालूम हो कि एक सप्ताह पूर्व आरोपी पर आतमपुर गांव की एक दलित महिला के घर में आधी रात को घुसकर उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा था। महिला का पति रोजगार के सिलसिले में घर से बाहर गया हुआ था।इसी दौरान आरोपी कथित तौर पर घर में घुसा और महिला के साथ जबरदस्ती की। महिला के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे।ग्रामीणों को आता देख आरोपी छत से कूदकर भागने लगा,लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया था। इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने उसकी पिटाई भी कर दी थी।घटना के बाद महिला ने लावालौंग थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने दुष्कर्म के साथ-साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर गाली-गलौज करने का भी आरोप लगाया था।उसके बयान के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी।इस संबंध में थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि आरोपी नीलेश कुमार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। पुलिस की कार्रवाई और दबाव के कारण आरोपी ने चतरा न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है।पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

रिपोर्टर मो0 साजिद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.