खरना का प्रसाद बनाने में जुटे छठ व्रती, भक्तिमय माहौल में गूंज रहे छठी मैया के गीत

चतरा : लोक आस्था का महापर्व छठ को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। चार दिवसीय छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को छठ व्रती पूरी श्रद्धा और पवित्रता के साथ खरना का प्रसाद तैयार करने में जुटे हैं। घरों में सुबह से ही साफ-सफाई और प्रसाद बनाने की तैयारियां शुरू हो गईं।

खरना के अवसर पर छठ व्रती पूरे नियम और निष्ठा के साथ पूजा-अर्चना कर गुड़ की खीर, रोटी तथा अन्य पारंपरिक प्रसाद तैयार कर रहे हैं। शाम को भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना के बाद व्रती खरना का प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके साथ ही उनका 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो जाएगा, जो उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद समाप्त होगा।
खरना का प्रसाद ग्रहण करने के लिए परिजनों, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों को भी आमंत्रित किया जाता है। घरों में छठी मैया के पारंपरिक गीत गूंज रहे हैं और पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा है।
छठ महापर्व केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि शुद्धता, अनुशासन, त्याग, आस्था और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। इस महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

रिपोर्टर : सिन्धु सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.