मंगरदाहा नदी के समीप बालू का अवैध भंडारण,धड़ल्ले से हो रही बिक्री
चतरा : लावालौंग थाना क्षेत्र के मंगरदाहा नदी के समीप लगभग 500 मीटर की दूरी पर बड़े पैमाने पर बालू का अवैध भंडारण कर उसकी बिक्री किए जाने का मामला सामने आया है।बताया जा रहा है कि स्थानीय बालू माफिया द्वारा भारी मात्रा में बालू डंप कर खुलेआम खरीद-बिक्री का कारोबार संचालित किया जा रहा है।सूत्रों की मानें तो यह धंधा पिछले करीब एक वर्ष से लगातार जारी है।स्थानीय ग्रामीणों एवं लाभुकों के अनुसार,बालू के इस कारोबार के कारण आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।प्रधानमंत्री आवास सहित अन्य निजी निर्माण कार्यों के लिए जरूरत पड़ने पर यदि कोई व्यक्ति नदी से बालू लाने जाता है,तो कथित माफिया द्वारा उसे रोक दिया जाता है। आरोप है कि लोगों को धमकी देते हुए कहा जाता है कि यह उनका इलाका है और यहां बालू उठाने की गलती करने पर गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इस तरह की दबंगई से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है।गौरतलब है कि नदियों के अस्तित्व और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए सरकार द्वारा अवैध बालू खनन एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।इसके बावजूद नदी के समीप भारी मात्रा में बालू का भंडारण कर उसकी बिक्री किए जाने की शिकायत सामने आना कई सवाल खड़े करता है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि पिछले एक वर्ष से वन विभाग के भूमि इस भूमि पर बालू का भंडारण और बिक्री हो रही है,तो अब तक वन विभाग अथवा संबंधित विभागों की नजर इस पर क्यों नहीं पड़ी? क्या बालू का भंडारण वैध अनुमति से किया जा रहा है या फिर नियमों को ताक पर रखकर पूरा कारोबार संचालित हो रहा है? मामले में खनन विभाग,वन विभाग एवं स्थानीय प्रशासन की भूमिका और निगरानी पर भी सवाल उठ रहे हैं।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने,बालू के भंडारण की वैधता की जांच करने तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।साथ ही ग्रामीणों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने और नदी से जुड़े प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।
रिपोर्टर : मो0 साजिद

No Previous Comments found.