“केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से पूर्व सांसद जयंत सिन्हा की मुलाकात—चौपारण व हजारीबाग की 3 महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर होगी तेजी, ‘India’s Green Startup’ पुस्तक भी भेंट की”

हजारीबाग - लोकसभा क्षेत्र से जुड़े विकास कार्यों को नई गति देने के उद्देश्य से पूर्व सांसद श्री जयंत सिन्हा ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। यह बैठक अत्यंत महत्वपूर्ण रही, जिसमें हजारीबाग और विशेष रूप से चौपारण प्रखंड से जुड़ी तीन प्रमुख सड़क व सुरक्षा परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

जयंत सिन्हा ने श्री गडकरी को बताया कि चौपारण क्षेत्र से होकर गुजरने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-2) न केवल राज्य बल्कि देश के लिए एक प्रमुख आर्थिक रूट है, इसलिए इसकी मजबूती, सुरक्षा और सुगमता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने इन 3 प्रमुख मांगों को विस्तार से रखा—

1. NH-2 (GT रोड) का 6 लेन निर्माण

चौपारण प्रखंड से गुजरने वाला जीटी रोड प्रतिदिन भारी यातायात का दबाव झेल रहा है। बढ़ते ट्रैफिक, दुर्घटनाओं और जाम की स्थिति को देखते हुए इस मार्ग को 6 लेन में विस्तारित करने की आवश्यकता पर उन्होंने जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस कार्य से न केवल सड़क दुर्घटनाएँ कम होंगी बल्कि व्यापार और उद्योग को भी नई गति मिलेगी।

2. चौपारण बाजार में लंबित फ्लाईओवर का निर्माण

चौपारण बाजार में लंबे समय से फ्लाईओवर निर्माण की मांग लंबित है। भीड़-भाड़, दुर्घटना जोखिम और लगातार लगने वाले जाम की समस्या से क्षेत्रवासी परेशान हैं। जयंत सिन्हा ने इस महत्वपूर्ण परियोजना को शीघ्र मंजूरी और क्रियान्वयन के लिए पुनः उठाया।

3. दनुआ घाटी में सुरक्षा व संरचनात्मक सुधार

दनुआ घाटी दुर्घटनाओं के लिए बदनाम क्षेत्र रहा है। तीखे मोड़, गहरी खाई और असुरक्षित ढलान के कारण यहाँ कई हादसे होते रहे हैं। श्री सिन्हा ने घाटी में सुरक्षा रेलिंग, चेतावनी संकेत, बैरिकेडिंग और आधुनिक ट्रैफिक प्रबंधन सिस्टम की तत्काल आवश्यकता पर बल दिया। इन सभी तीनों विषयों पर चर्चा सुनने के बाद केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इससे क्षेत्रवासियों में उम्मीद जगी है कि इन महातीर्थ परियोजनाओं को जल्द ही धरातल पर लाया जाएगा।

ग्रीन डेवलपमेंट पर विस्तृत चर्चा, पुस्तक “India’s Green Startup” भेंट

मुलाकात के दौरान जयंत सिन्हा ने अपनी पुस्तक “India’s Green Startup” केंद्रीय मंत्री को भेंट की। उन्होंने भारत के ग्रीन डेवलपमेंट मॉडल, स्वच्छ ऊर्जा, ग्रीन स्टार्टअप्स, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और नेट-ज़ीरो लक्ष्य पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि भारत की युवा शक्ति, टेक्नोलॉजी और उद्यमशीलता मिलकर देश को ऊर्जा आत्मनिर्भर ही नहीं, बल्कि सतत विकास में वैश्विक नेतृत्व दिला सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले वर्षों में भारत विश्व की सबसे बड़ी हरित अर्थव्यवस्था के रूप में उभर सकता है, और झारखंड जैसे राज्य इसमें प्रमुख भूमिका निभाएंगे। अंत में श्री जयंत सिन्हा ने कहा— “अपने क्षेत्रवासियों को हर सुविधा उपलब्ध कराना मेरा निरंतर प्रयास है।”


रिपोर्टर - अमित सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.