शिक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटा प्रशासन

शिक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटा प्रशासन, उपायुक्त ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

हजारीबाग- जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में शिक्षा विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त श्री हेमन्त सती ने की। बैठक में जिले के प्राथमिक, उत्क्रमित, 10+2 उच्च विद्यालय, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, झारखंड आवासीय बालिका विद्यालय, समर्थ विद्यालय, सीएम एक्सीलेंस स्कूल एवं पीएम श्री विद्यालयों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।उपायुक्त ने विद्यालयों में पठन-पाठन की वर्तमान स्थिति, शिक्षकों की उपलब्धता, विभागीय कार्रवाई, सेवा संपुष्टि, स्थानांतरण, पदोन्नति तथा नामांकन प्रक्रिया की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।बैठक में उपायुक्त ने विशेष रूप से कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में नामांकन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी एवं पात्रता आधारित बनाने पर जोर दिया। उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि प्राप्त सभी आवेदनों की बीईओ, बीआरपी एवं सीआरपी के माध्यम से विधिवत जांच कराई जाए। वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारियों को पांच आवेदनों का चयन कर भौतिक सत्यापन के बाद जिला स्तरीय समिति के समक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।उपायुक्त ने शिक्षकों की कमी वाले विद्यालयों में सहायक आचार्यों की शीघ्र पदस्थापना सुनिश्चित करने तथा शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर बल दिया। उन्होंने 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणामों में सुधार के लिए विशेष रणनीति तैयार करने, शिक्षकों के रेशनलाइजेशन की रिपोर्ट उपलब्ध कराने तथा कक्षा 9वीं से 12वीं तक की पढ़ाई पर विशेष फोकस करने का निर्देश दिया।इसके अलावा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया तेज करने के लिए एडीपीओ को वार्डनों के साथ समन्वय स्थापित कर उप विकास आयुक्त को रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया। सेवा सत्यापन एवं समय पर लेखा सत्यापन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित स्थापना लिपिक, प्रधान लिपिक एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में शिक्षा विभाग से जुड़े न्यायालयीन मामलों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने स्थानांतरण एवं कक्षा 1 से 5 तक के एकल शिक्षक से जुड़े मामलों के निष्पादन हेतु सभी बीपीओ को सक्रिय रूप से कार्य करने का निर्देश दिया।अंत में उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को विद्यालयों में स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण बनाए रखने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने तथा अनुमंडल पदाधिकारियों को सभी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया।बैठक में उप विकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह, सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्री आदित्य पांडेय, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, बीईओ, बीपीओ, वार्डन सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर - मुकेश सिंह हजारीबाग 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.