नशामुक्ति अभियान को मिला जनसमर्थन,गांव-गांव पहुंचा जागरूकता का संदेश

नशामुक्ति अभियान को मिला जनसमर्थन,गांव-गांव पहुंचा जागरूकता का संदेश प्रचार रथ और नुक्कड़

नाटकों के जरिए लोगों को बताया नशे का दुष्प्रभाव, दिलाई गई शपथ

हजारीबाग- राज्य सरकार द्वारा निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के पांचवें दिन शुक्रवार को हजारीबाग जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रचार रथों और सांस्कृतिक दलों ने गांव-गांव पहुंचकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया तथा नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया।

अभियान के तहत जिले में संचालित पांच जागरूकता प्रचार रथों ने सार्वजनिक स्थलों, हाट-बाजारों, बस स्टैंडों, शैक्षणिक संस्थानों तथा चौक-चौराहों पर पहुंचकर नशामुक्ति का संदेश प्रसारित किया। चौपारण, ईचाक, विष्णुगढ़, सदर और कटकमदाग प्रखंड के विभिन्न पंचायत क्षेत्रों में लोगों ने ऑडियो जिंगल एवं लघु फिल्मों के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान आमजन के बीच नशामुक्ति संबंधी पंपलेटों का भी वितरण किया गया।
अभियान के दूसरे चरण में जिले के 20 चयनित स्थलों पर 10 सांस्कृतिक दलों द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए गए। बाजारों, पंचायत क्षेत्रों, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित इन कार्यक्रमों में कलाकारों ने प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियों के लिए भी घातक साबित होता है।
कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, युवाओं और महिलाओं ने भाग लिया। उपस्थित लोगों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। साथ ही उन्हें नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला प्रशासन ने बताया कि यह अभियान आगामी दिनों में भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया जा सके और स्वस्थ, जागरूक एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण में जनसहभागिता को मजबूत बनाया जा सके.

संवाददाता - मुकेश सिंह हजारीबाग 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.