ब्रेक फेल ट्रेलर ने दो कारों को मारी जोरदार टक्कर, एक वाहन को खाई में गिरने से पेड़ ने रोका
चौपारण (हजारीबाग) : चौपारण की खतरनाक दनुआ घाटी में एक बार फिर सड़क हादसे का भयावह मंजर देखने को मिला। हादसे में संयोग से कई लोगों की जान बच गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, घाटी में एक ट्रेलर का ब्रेक फेल हो जाने के बाद वह अनियंत्रित हो गया और सामने जा रही दो कारों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा। वहीं, एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई की ओर चली गई, लेकिन संयोग से एक पेड़ ने वाहन को खाई में गिरने से रोक लिया।
हादसे में कार सवार दंपती के घायल होने की सूचना है। स्थानीय लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद की और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा। दनुआ घाटी में लगातार हो रहे हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खतरनाक मोड़, ढलान और तेज रफ्तार वाहनों के कारण यह इलाका लगातार दुर्घटनाओं के लिए चर्चा में रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दनुआ घाटी में हादसों को रोकने के लिए प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था, वाहनों की गति पर नियंत्रण और दुर्घटना संभावित स्थानों पर पर्याप्त इंतजाम बेहद जरूरी हैं।
इस हादसे में कई जिंदगियां बच गईं, लेकिन सवाल वही है—आखिर दनुआ घाटी में मौत का यह सिलसिला कब थमेगा?
रिपोर्टर - अमित सिंह
No Previous Comments found.