मुख्य सचिव ने दिए कानून-व्यवस्था और जनहित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
मुख्य सचिव ने दिए कानून-व्यवस्था और जनहित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश: नववर्ष पर हुड़दंगियों पर रहेगी पैनी नजर
लखनऊ:मुख्य सचिव एसपी गोयल ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था, कृषि, गोवंश संरक्षण और जनशिकायतों के निस्तारण को लेकर कड़े निर्देश जारी किए।
सुरक्षा और शीतलहर प्रबंधन
मुख्य सचिव ने नववर्ष के उपलक्ष्य में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने पर जोर देते हुए कहा कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में हुड़दंग, छेड़छाड़ या लूटपाट जैसी घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही, शीतलहर को देखते हुए रैन बसेरों में पुख्ता इंतजाम, प्रमुख चौराहों पर अलाव और जरूरतमंदों को कंबल वितरण सुनिश्चित करने को कहा।
गोवंश संरक्षण और कृषि कार्य
पशुधन की सुरक्षा पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि गो-आश्रय स्थलों में गोवंश किसी भी हाल में खुले में न रहें। उनके लिए त्रिपाल, पौष्टिक आहार और साफ-सफाई की उचित व्यवस्था की जाए। कृषि क्षेत्र में उन्होंने 'फार्मर रजिस्ट्री' में नामांकन की गति बढ़ाने के निर्देश दिए ताकि पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ शत-प्रतिशत किसानों तक पहुँच सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि रबी फसल का 'डिजिटल क्रॉप सर्वे' 5 जनवरी से 15 फरवरी तक चलाया जाएगा।
जनशिकायत और स्वास्थ्य
मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों को प्रतिदिन 'जनता दर्शन' आयोजित करने और शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने का आदेश दिया। इसके अलावा, आयुष्मान भारत योजना के तहत रविवार को लगने वाले आरोग्य मेलों में अधिक से अधिक कार्ड बनाने के लक्ष्य को पूरा करने पर बल दिया। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।


No Previous Comments found.