जनता और प्रशासन के मध्य सीधे संवाद से हल होंगी समस्याएं, स्कूटी से राधिका नगर पहुंचे विधायक रिकेश

भिलाई नगर :   वैशाली नगर विधानसभा अंतर्गत सभी वार्ड के रहवासियों से प्रत्यक्ष मुलाकात और क्षेत्र की समस्याओं को संज्ञान ले उनके निराकरण के उद्देश्य से स्कूटी से निकले विधायक रिकेश सेन शुक्रवार की शाम सुपेला राधिका नगर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ने वार्ड की खराब सड़कों और खाली पड़े मैदान को दुरूस्त और व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।

लगभग 4 घंटे तक उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ पूरे वार्ड का भ्रमण करते हुए स्ट्रीट लाईट, नाली, साफ सफाई, पेयजल आपूर्ति सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के विषय में जानकारी ली। वार्ड में हर ऐसी जगह जो सदुपयोग के अभाव में झाड़ी और गंदगी से अटी पड़ी है, उसे साफ कर उद्यान और खेल मैदान के रूप में विकसित करने सूचीबद्ध किया। जब वार्डवासियों ने लंबे समय से कुछ जर्जर सड़कों के संधारण की मांग की तो विधायक ने तत्काल अधिकारियों से चर्चा कर प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए। ऐसी सड़कें जो दुरूस्त होते हुए भी कुछ जगह पर खराब हैं, उनको तुरंत पेंच वर्क से ठीक करने काम भी शुरू करवाया। 

विधायक रिकेश सेन ने कहा कि वैशाली नगर विधानसभा के हर वार्ड को एक आदर्श वार्ड के रूप में विकसित करने के संकल्प के साथ उन्होंने वार्ड चलो अभियान के द्वितीय चरण की शुरुआत की है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। 

इसी कड़ी में वो राधिका नगर वार्ड क्रमांक-7 पहुँचे हैं, यहां क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रयास है कि वैशाली नगर का हर वार्ड आदर्श बने। स्कूटी यात्रा में विधायक रिकेश सेन के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष पुरषोत्तम देवांगन, मंडल अध्यक्ष व कार्यकर्ता सहित राधिका नगर वार्ड के अनेक लोग शामिल हुए।

रिपोर्टर : धर्मेंद्र गुप्ता

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.