विकसित भारत जी राम जी अधिनियम से बदलेगी गांव की तस्वीर और तकदीर

सरगुजा : विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में केंद्र सरकार द्वारा लाया गया विकसित भारत जी-राम-जी अधिनियम 2025 गांवों की तस्वीर और तकदीर बदलने वाला साबित होगा। यह बातें मंत्री राजेश अग्रवाल ने आज अंबिकापुर के संकल्प भवन में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम मनरेगा से अधिक पारदर्शी, प्रभावी और रोजगार बढ़ाने वाला कानून है, जो ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा।

मंत्री अग्रवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लाया गया यह अधिनियम किसानों, मजदूरों और गरीबों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। मनरेगा के तहत जहां 100 दिनों का रोजगार मिलता था, वहीं अब इस नए अधिनियम में ग्रामीण परिवारों को 125 दिनों के सुनिश्चित रोजगार की कानूनी गारंटी दी गई है। इससे मजदूरों की आमदनी में सीधा इजाफा होगा। साथ ही खेती-किसानी को सुरक्षित रखने के लिए भी इसमें अहम प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मनरेगा में फर्जी मास्टर रोल, मशीनों के उपयोग और धांधली जैसी शिकायतें सामने आती थीं, जिन्हें यह अधिनियम समाप्त करेगा और पारदर्शिता सुनिश्चित करेगा, ताकि वास्तविक मजदूरों को सीधे लाभ मिल सके।
इसी क्रम में अंबिकापुर स्थित भाजपा कार्यालय में VB-G Ram G जन जागरण अभियान को लेकर भव्य प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। यह अभियान भाजपा छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के निर्देशानुसार प्रदेशभर में संचालित किया जा रहा है। सरगुजा जिले में अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिला स्तरीय टोली का गठन किया गया है।
भाजपा सरगुजा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने बताया कि गठित टोली में अनिल अग्रवाल (सीतापुर) को संयोजक तथा हरी गुप्ता (बतौली), सतीश जायसवाल, अनिल सिंह और कामेश्वर राजवाड़े को सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। यह टोली सरकार की जनहितकारी योजनाओं और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगी।
प्रेस वार्ता में नेताओं ने कहा कि जन जागरण अभियान न केवल जनता को जागरूक करेगा, बल्कि संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाएगा। इस अवसर पर मंत्री राजेश अग्रवाल, पूर्व जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपा सिंह, भाजपा जिला महामंत्री विनोद हर्ष, अरुणा सिंह, रुपेश सोनी सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पत्रकार साथियों को अभियान की विस्तृत जानकारी दी गई और सहयोग की अपील की गई।
नेताओं ने एक स्वर में कहा कि सरगुजा में भाजपा का जन जागरण अभियान अब मिशन मोड में है, जिसमें जनता से सीधा संवाद स्थापित कर विकास और बदलाव की आवाज को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। यह अभियान सरगुजा में नई राजनीतिक ऊर्जा और जनविश्वास का संचार करेगा, जिससे भाजपा का जनाधार और अधिक मजबूत होगा।

रिपोर्टर : रिंकू सोनी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.