राष्ट्रीय युवा दिवस पर महाविद्यालय में प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन
बलरामपुर : अरुण प्रताप सिंहदेव शासकीय महाविद्यालय शंकरगढ़ में महान भारतीय संत, दार्शनिक एवं युगद्रष्टा स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के अवसर पर आज 12जनवरी को *राष्ट्रीय युवा दिवस* बड़े उत्साह, गरिमा एवं प्रेरणादायी वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर युवाओं के सर्वांगीण विकास, नैतिक मूल्यों एवं राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर केंद्रित विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। तत्पश्चात महाविद्याल के एन एस एस प्रभारी अनुभा मिंज ने अपने उद्बोधन में कहा कि *“स्वामी विवेकानंद का जीवन एवं विचार आज के युवाओं के लिए प्रेरणा का अक्षय स्रोत हैं। युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन एवं राष्ट्रभक्ति का भाव जागृत करना ही राष्ट्रीय युवा दिवस का मूल उद्देश्य है।”
इस अवसर पर प्रेरक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। सुरेश कुमार रवि ने युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा, विज्ञान, सामाजिक सेवा एवं नवाचार के माध्यम से राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएँ।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ट डॉ. विनोद कुमार अग्रवाल ने विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद जी के विचारों— “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक रुको मत”—से अवगत कराया गया और उन्हें अपने जीवन में आत्मअनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता एवं युवा सशक्तिकरण के संकल्प के साथ राष्ट्र सेवा के लिए स्वयं को समर्पित करने का संकल्प लिया तथा विवेकानंद के स्वदेश मंत्र का वाचन किया गया। विद्यार्थियों द्वारा'रन फॉर स्वदेशी' में भाग लेकर आत्मनिर्भर भारत के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह

No Previous Comments found.