इंदिरा मार्केट में अतिक्रमण पर महापौर अलका बाघमार का सख्त रुख, जब्ती व जुर्माने की चेतावनी

दुर्ग :  नगर पालिक निगम क्षेत्र के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र इंदिरा मार्केट में आज महापौर अलका बाघमार ने सघन निरीक्षण अभियान चलाकर बाजार व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण अग्रसेन चौक से स्टेशन रोड होते हुए पुराना बस स्टैंड तक लगभग तीन घंटे तक चला, जिसमें अतिक्रमण की स्थिति पर कड़ा रुख अपनाया गया।

इस दौरान लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चंद्रकार, स्वास्थ्य विभाग प्रभारी नीलेश अग्रवाल, पार्षद गोविंद्र देवांगन, सावित्री दमाहे, सहायक अभियंता राजेन्द्र ढबाले, अतिक्रमण अधिकारी परमेश्वर, बाजार अधिकारी अभ्युदय मिश्रा सहित अतिक्रमण टीम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने सड़क तक सामान फैलाकर व्यवसाय करने वाले व्यापारियों एवं ठेले-खोमचे संचालकों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आज समझाइश दी जा रही है, लेकिन पुनः दुकान के बाहर सड़क तक सामान पाए जाने पर जब्ती एवं जुर्माने की सख्त कार्रवाई की जाएगी। महापौर की उपस्थिति में कुछ व्यापारियों से मौके पर ही जुर्माना वसूला गया।
कुआँ चौक के समीप स्थित पांडेय जूस कॉर्नर द्वारा सड़क क्षेत्र तक नारियल रखकर व्यवसाय करने पर भी कार्रवाई की गई। महापौर ने अधिकारियों को विशेषकर शाम के समय नियमित निरीक्षण कर सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि इंदिरा मार्केट सुव्यवस्थित एवं यातायात के लिए सुगम बना रहे।

रिपोर्टर : धर्मेंद्र गुप्ता

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.