भारी वाहनों से टूटी प्रधानमंत्री सड़क, कार्रवाई के बजाय सिर्फ समझाइश?

कोरिया : जिले के ग्राम बुडार परसाबहरी में प्रधानमंत्री सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश एक बार फिर सामने आया है। धान ढुलाई में लगे भारी ट्रकों से सड़क के क्षतिग्रस्त होने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने दोबारा चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार, पेट्रोल पंप से नरकेली स्कूल के आगे राइस मिल तक बनी प्रधानमंत्री सड़क पर इन दिनों भारी वाहनों से धान ढुलाई का कार्य किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार भारी ट्रकों के चलने से सड़क जगह-जगह उखड़ चुकी है और दरारें पड़ गई हैं, जिससे आम लोगों के आवागमन में भारी दिक्कतें हो रही हैं और दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इससे पहले भी दो बार चक्काजाम किया गया था, लेकिन पुलिस की समझाइश के बाद वे सड़क से हट गए थे। इसके बावजूद न तो कोई ठोस प्रशासनिक कार्रवाई की गई और न ही किसी जिम्मेदार अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने एक बार फिर सड़क पर उतरकर चक्काजाम किया। चक्काजाम की सूचना मिलते ही बैकुंठपुर एसडीएम और पटना तहसीलदार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश देकर जाम समाप्त कराया। हालांकि मौके पर किसी प्रकार का लिखित या ठोस आश्वासन नहीं दिया गया।ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर कोरिया और अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बैकुंठपुर को लिखित आवेदन सौंपते हुए प्रधानमंत्री सड़क पर भारी वाहनों के संचालन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या ठोस कदम उठाता है और ग्रामीणों को कब तक राहत मिल पाती है।

रिपोर्टर : हफीज़ अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.