महापौर अलका बाघमार की अनोखी पहल: शादियों में पहुंचकर नवदंपतियों को भेंट किए हेलमेट, दिया सड़क सुरक्षा का संदेश

दुर्ग : शहर में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने अनोखी पहल करते हुए तीन अलग-अलग शादियों में पहुंचकर नवविवाहित वर-वधुओं को हेलमेट भेंट कर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान एमआईसी सदस्य शशि साहू, सरिता चंद्रकार, सुरूचि उमरे सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

महापौर ने नवदंपतियों को उनके नए जीवन की मंगलकामनाएं देते हुए कहा कि जीवन अनमोल है और उसकी सुरक्षा हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना बेहद जरूरी है, क्योंकि यह सड़क दुर्घटनाओं में जीवन बचाने का सबसे प्रभावी साधन है।
उन्होंने नवदंपतियों से अपील की कि वे स्वयं भी हेलमेट का उपयोग करें और अपने परिवार तथा समाज के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम किया जा सके। महापौर की इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना करते हुए इसे समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने वाला प्रेरणादायक कदम बताया।
महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि शादियों में केवल फूल-गुलदस्ते देने की परंपरा के बजाय नवदंपतियों को हेलमेट भेंट करने की शुरुआत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हेलमेट एक “जीवन कवच” है, जो सड़क दुर्घटनाओं के समय लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि यदि शादी जैसे शुभ अवसरों पर हेलमेट भेंट करने की परंपरा शुरू हो जाए तो इससे समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और लोगों को सुरक्षित जीवन जीने की प्रेरणा मिलेगी।

रिपोर्टर : धर्मेंद्र गुप्ता

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.