कबीरधाम में एच.पी.वी. टीकाकरण की शुरुआत, पहले दिन दो बालिकाओं को लगाया गया टीका
कवर्धा : कबीरधाम जिला चिकित्सालय में सोमवार, 16 मार्च 2026 से एच.पी.वी. (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण की शुरुआत कर दी गई है। वर्तमान में जिले में केवल जिला चिकित्सालय में ही एच.पी.वी. का टीकाकरण किया जा रहा है। अभियान के पहले दिन सोमवार को दो बालिकाओं को एच.पी.वी. का टीका लगाया गया। यह टीकाकरण प्रतिदिन रविवार एवं अन्य अवकाश के दिनों को छोड़कर आयोजित किया जाएगा। टीकाकरण का समय सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. नवनीत सिंह ठाकुर ने बताया कि 14 वर्ष से अधिक एवं 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं को एच.पी.वी. टीकाकरण लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है। टीकाकरण के दौरान अभिभावकों और बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर तथा एच.पी.वी. वैक्सीन के महत्व के बारे में जानकारी भी दी जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, प्रतिवर्ष विश्वभर में लगभग 74 हजार से 77 हजार महिलाओं की मृत्यु सर्वाइकल कैंसर के कारण होती है, जिनमें से लगभग एक तिहाई मृत्यु भारत में होती है। एच.पी.वी. वैक्सीन का पूर्ण नाम ह्यूमन पैपिलोमा वायरस है और यह टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव के उद्देश्य से लगाया जाता है। टीकाकरण के लिए आधार कार्ड या जन्म प्रमाणपत्र के आधार पर आयु का निर्धारण किया जाएगा।
अभियान के तहत एच.पी.वी. वैक्सीन की सिंगल डोज (0.5 एमएल) बांयी ऊपरी बांह में लगाई जाएगी। टीकाकरण खाली पेट नहीं किया जाएगा। टीका लगाने के बाद तर्जनी उंगली में मार्किंग की जाएगी और लाभार्थी को आधा घंटा तक स्वास्थ्य केंद्र में रुकना अनिवार्य होगा। टीकाकरण से पहले अभिभावकों की सहमति ली जाएगी तथा टीकाकरण के बाद लाभार्थी को टीकाकरण कार्ड भी प्रदान किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.के. तुरे ने जिले के आमजन से अपील करते हुए कहा है कि 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को एच.पी.वी. टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि उन्हें सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाया जा सके।
रिपोर्टर : दीपेश
No Previous Comments found.