शिवसेना प्रदेश महासचिव संजय नाग का तिरंगा चौक में आगमन
गरियाबंद : गरियाबंद जिले में शिवसेना के प्रदेश महासचिव संजय नाग के एक दिवसीय प्रवास के दौरान पूरे संगठन में उत्साह और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला। उनके आगमन को लेकर शिवसेना कार्यकर्ताओं ने पहले से ही व्यापक तैयारियां की थीं। जैसे ही वे गरियाबंद पहुंचे, तिरंगा चौक पर उनका भव्य और ऐतिहासिक स्वागत किया गया। इस अवसर पर शिवसेना युवा नेता बिटटू साहू के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं, नारों और आतिशबाजी के साथ उनका आत्मीय अभिनंदन किया।
तिरंगा चौक पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में संगठन की एकजुटता और जनसमर्थन स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। कार्यकर्ताओं ने “जय शिवसेना” और “जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा” जैसे नारों से पूरे वातावरण को उत्साहपूर्ण बना दिया। इस दौरान संजय नाग ने भी कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार करते हुए संगठन को मजबूत बनाने और जनहित के मुद्दों पर निरंतर संघर्ष करने का संदेश दिया।
भव्य बाइक रैली से जनजागरण का संदेश
स्वागत कार्यक्रम के पश्चात शिवसेना कार्यकर्ताओं द्वारा तिरंगा चौक से कलेक्ट्रेट तक एक विशाल और अनुशासित बाइक रैली निकाली गई। इस रैली में सैकड़ों युवा कार्यकर्ता अपने-अपने वाहनों के साथ शामिल हुए। हाथों में पार्टी के झंडे और नारों के साथ यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी,
रैली के दौरान यातायात व्यवस्था का भी विशेष ध्यान रखा गया और कार्यकर्ताओं ने अनुशासन का परिचय दिया। यह रैली केवल शक्ति प्रदर्शन नहीं, बल्कि जनजागरण का एक सशक्त माध्यम भी बनी, जिसके जरिए जनता की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
तो वहीं कलेक्ट्रेट पहुंचकर सौंपा गया ज्ञापन
रैली के समापन के बाद शिवसेना का प्रतिनिधिमंडल कलेक्ट्रेट पहुंचा, जहां कलेक्टर के नाम एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया। इस ज्ञापन में जिले की विभिन्न गंभीर और लंबे समय से लंबित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया और उनके त्वरित समाधान की मांग की गई।
ज्ञापन में शामिल प्रमुख मांगे
शासकीय विद्यालयों में शिक्षकों की भारी कमी दूर करने की मांग ज्ञापन में बताया गया कि गरियाबंद जिले के अधिकांश शासकीय विद्यालयों में शिक्षकों की भारी कमी बनी हुई है। कई स्कूलों में एक या दो शिक्षक ही पूरे विद्यालय का संचालन कर रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों को विषयवार शिक्षा नहीं मिल पा रही है। इसका सीधा असर बच्चों के भविष्य पर पड़ रहा है और शिक्षा का स्तर लगातार गिरता जा रहा है।
शिवसेना ने मांग की है कि रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ कर योग्य शिक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और समुचित शिक्षा मिल सके।
2. अवैध रेत खनन और अवैध खदानों पर पूर्ण रोक जिले में अवैध रेत खनन और अवैध खदानों का संचालन लगातार जारी है। इससे शासन को भारी राजस्व हानि हो रही है, साथ ही नदियों और पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है। जलस्तर में गिरावट पेड़ कटाव और प्राकृतिक संतुलन बिगड़ने जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। शिवसेना ने प्रशासन से मांग की है कि इस पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए, दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई हो और अवैध खनन पर पूर्ण रूप से रोक लगाई जाए।
3. शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत और व्यवस्थित करने की मांग ज्ञापन में जिले की शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूलों में संसाधनों की कमी और स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों, दवाइयों तथा उपकरणों की अनुपलब्धता के कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शिवसेना ने मांग की है कि इन बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुधारते हुए शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाया जाए।
4. भूतेश्वर नाथ मंदिर के लिए ट्रस्ट गठन प्रदेश के प्रमुख आस्था केंद्र भूतेश्वर नाथ मंदिर के सुचारू संचालन और विकास के लिए ट्रस्ट गठन की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई शिवसेना का कहना है कि मंदिर का व्यवस्थित प्रबंधन होने से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
5. अवैध नशा कारोबार पर कठोर कार्रवाई जिले में तेजी से फैल रहे अवैध नशा कारोबार को लेकर संगठन ने गहरी चिंता व्यक्त की। नशे की लत से युवा पीढ़ी प्रभावित हो रही है, जिससे सामाजिक और पारिवारिक वातावरण पर नकारात्मक असर पड़ रहा है।शिवसेना ने प्रशासन से मांग की है कि नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए इस पर पूर्ण नियंत्रण स्थापित किया जाए और युवाओं को इस बुराई से बचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।
6. सुपेबेड़ा में दूषित पेयजल की समस्या का समाधान सुपेबेड़ा क्षेत्र में दूषित पानी के सेवन से लोगों में किडनी संबंधी गंभीर बीमारियां फैल रही हैं। यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है ज्ञापन में मांग की गई कि इस समस्या का समाधान किया जाए, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा प्रभावित लोगों के उपचार के लिए विशेष चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
7. विद्यालयों के आसपास संचालित शराब दुकानों को हटाने की मांग ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि कई विद्यालयों के आसपास शराब दुकानों का संचालन किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों के मानसिक और सामाजिक विकास पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। शिवसेना ने मांग की है कि ऐसे स्थानों से शराब दुकानों को तत्काल हटाया जाए, ताकि बच्चों का भविष्य सुरक्षित और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ सके।
वहीं आंदोलन की चेतावनी और संगठन का संकल्प अंत में शिवसेना कार्यकर्ताओं ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इन मांगों पर शीघ्र और ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन द्वारा व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिवसेना हमेशा से जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देती रही है और आगे भी जनता की आवाज को बुलंद करने के लिए संघर्षरत रहेगी।
प्रदेश महासचिव संजय नाग ने इस दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाना और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट रहकर समाजहित में कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में रही व्यापक भागीदारी
इस पूरे कार्यक्रम में शिवसेना के अनेक पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता, वरिष्ठ सदस्य एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने यह स्पष्ट कर दिया कि शिवसेना जिले में जनसमस्याओं को लेकर सक्रिय है
गरियाबंद में शिवसेना का यह कार्यक्रम न केवल संगठन की शक्ति और एकजुटता का प्रदर्शन था, बल्कि जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने का एक सशक्त प्रयास भी साबित हुआ। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इन मांगों पर कितनी शीघ्रता और गंभीरता से कार्रवाई करता इस कार्यक्रम में मौजूद रहे शिवसेना के जिला अध्यक्ष गणेश साहू, युवा सेना नेता बिट्टू साहू, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हरीश यादव,प्रमोद यादव , ओम जंगले, एवं नूतन जगत, नरेश साहू, अल्बर्ट लखारा,संतोष साहू, सुरेश साहू, अशोक विश्वकर्मा, राहुल विश्वकर्मा, श्यामलाल हरपाल, चुन्नी यादव, सुभाष कुमार, पहलाद कुमार बघेल, नारायण नेताम, रूपेश कुमार, प्रेम साहू, सोनू साहू, विवेक साहू, किरतेश साहू, अभिषेक रावे, दुलारी साहू, लक्ष्मी साहू, तारा साहू, भाग्यवती साहू, और अन्य लोग भी मौजूद रहे।
रिपोर्टर : मनोज गोस्वामी


No Previous Comments found.