श्रमिक दिवस पर सेवा सदन में श्रमिकों के संग मंत्री गजेन्द्र यादव का स्नेह भोज, समस्याओं पर किया सीधा संवाद

दुर्ग : अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर दुर्ग स्थित सेवा सदन में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने श्रमिक साथियों के साथ सादगीपूर्ण माहौल में बैठकर भोजन किया और उनसे सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने श्रमिकों के दैनिक जीवन से जुड़े विभिन्न मुद्दों को गंभीरता से सुना।

कार्यक्रम में मंत्री यादव ने रोजगार की स्थिरता, आय, कार्य परिस्थितियां, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं, आवास और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर श्रमिकों से विस्तार से चर्चा की। श्रमिकों ने भी अपनी समस्याएं और अपेक्षाएं साझा कीं, जिस पर मंत्री ने संबंधित विभागों के माध्यम से समाधान का आश्वासन दिया।
अपने संबोधन में गजेन्द्र यादव ने कहा कि श्रमिक समाज की रीढ़ हैं और उनके परिश्रम से ही विकास की नींव मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों का सम्मान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि यह निरंतर होना चाहिए। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार श्रमिकों के हितों की रक्षा, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के विस्तार, कौशल विकास और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
इस अवसर पर उन्होंने ‘सुशासन तिहार’ अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि इसके तहत शिविरों के माध्यम से आम जनता और श्रमिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा।
कार्यक्रम में श्रमिकों ने मंत्री के साथ बैठकर भोजन करने की इस पहल की सराहना की और इसे आत्मीय संवाद का बेहतर माध्यम बताया। अंत में मंत्री ने सभी श्रमिकों को श्रमिक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

रिपोर्टर : धर्मेंद्र गुप्ता

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.