बतौली में ट्रांसफार्मर चोरों का आतंक! सिलमा में मोबाइल टावर का ट्रांसफार्मर उखाड़ ले गए बदमाश
सरगुजा : बतौली क्षेत्र में ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाएं अब गंभीर कानून-व्यवस्था का विषय बनती जा रही हैं। ताजा मामला ग्राम सिलमा का है, जहां मोबाइल टावर के लिए स्थापित ट्रांसफार्मर को अज्ञात बदमाश रात के अंधेरे में उखाड़कर ले गए। शुरुआती आशंका है कि ट्रांसफार्मर के अंदर लगी कीमती कॉपर कॉइल (तांबे की तार) निकालकर उसे कबाड़ बाजार में ऊंचे दामों पर बेचने के उद्देश्य से इस वारदात को अंजाम दिया गया।
बतौली क्षेत्र में यह कोई अकेली घटना नहीं है। बीते समय में भी कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही वारदातों ने बिजली विभाग की चिंता बढ़ा दी है, वहीं ग्रामीणों में भी भय और नाराजगी का माहौल है। हर चोरी के बाद सरकारी खजाने को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है, जबकि आम लोगों को बिजली आपूर्ति बाधित होने का खामियाजा भुगतना पड़ता है।
सबसे बड़ी चिंता यह है कि बरसात के मौसम में नया ट्रांसफार्मर पहुंचाना और स्थापित करना किसी चुनौती से कम नहीं होता। कीचड़ भरे रास्ते, दुर्गम इलाके और लगातार बारिश के बीच विभागीय कर्मचारियों को भारी जोखिम उठाकर विद्युत व्यवस्था बहाल करनी पड़ती है। ऐसे समय में ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाएं पूरे सिस्टम पर अतिरिक्त बोझ डाल रही हैं और ग्रामीणों की परेशानी कई गुना बढ़ा रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ट्रांसफार्मर चोरी के पीछे सक्रिय गिरोह पर जल्द शिकंजा नहीं कसा गया, तो सरकारी संपत्ति की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े होंगे। लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने, कबाड़ कारोबारियों की जांच करने और चोरी के मामलों का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है।
बड़ा सवाल
आखिर ट्रांसफार्मर चोरों के हौसले इतने बुलंद क्यों हैं? क्या लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद सक्रिय गिरोह पुलिस की पकड़ से बाहर है, या सरकारी संपत्ति की सुरक्षा में कहीं गंभीर चूक हो रही है?
रिपोर्टर : रिंकु सोनी
No Previous Comments found.